सोजत में स्वाधीनता दिवस की पूर्व संध्या पर निकाली तिरंगा यात्रा, लोगों में दिखा देशभक्ति का जुनून
सोजत। आजादी के 80वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर भाजपा सोजत मंडल के तत्वावधान में शुक्रवार को तिरंगा यात्रा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सोजतवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान एवं देशभक्ति की भावना का प्रदर्शन किया।

तिरंगा यात्रा की शुरुआत काला-गोरा भैरूजी मंदिर, जैतारणिया गेट से हुई। तिरंगा यात्रा की अगुवाई विश्व हिंदू परिषद व बजरंग के प्रांत सह प्रचार प्रसार प्रमुख नरेश बोहरा ने की। तिरंगा यात्रा जैतारणिया गेट से मुख्य बाजार, पुराना पुलिस थाना, चांदपोल गेट होते हुए महावीर सर्किल उप जिला कलक्टर कार्यालय पर समाप्त हुई। जहां अखंड भारत की रंगोली दीपों सहित सजायी गयी। राष्ट गान से कार्यक्रम का समापन हुआ। यात्रा में सभी लोग देश भक्ति के नारे लगाते चल रहे थे। कार्यक्रम में सभी ने मिलकर तिरंगा फहराते हुए स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व को पूर्ण मनोयोग से मनाने का संकल्प लिया।

तिरंगा यात्रा से पूर्व मंदिर में विश्व हिंदू परिषद व बजरंग के प्रांत सह प्रचार प्रसार प्रमुख नरेश बोहरा ने उपस्थित जनों को अखंड भारत पर अपना व्याख्यान दिया। कार्यक्रम में देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया गया। तिरंगा यात्रा में शहर वासियों का उत्साह देखते ही बनता था। अंत में कार्यक्रम संयोजक भाजपा नेता राजेश तंवर व तरुण सोलंकी ने सभी का आभार ज्ञापित किया।









