सोजत नगरपालिका की मतदाता सूचियों की गहन जांच कर दिए सुधार के निर्देश
सोजत। आगामी नगरपालिका आम चुनाव–2026 के दृष्टिगत नगरपालिका सोजत सिटी एवं सोजत रोड की अंतिम रूप से प्रकाशित मतदाता सूचियों की निर्वाचन विभाग द्वारा गहनता से जांच करवाई गई। निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी सोजत रवि प्रकाश के निर्देशन में विभिन्न दल गठित कर मतदाता सूचियों के प्रगणकों की जांच की गई।
निर्वाचन कार्यालय के प्रभारी शिक्षाविद् मोहम्मद रफीक ने बताया कि उपखंड अधिकारी सोजत रवि प्रकाश ने स्वयं नगरपालिका सोजत सिटी के वार्ड संख्या 1 से 10 तक के प्रगणकों के साथ बैठक कर मतदाता सूचियों की गहनता से जांच की। वहीं तहसीलदार कूपसिंह पंवार द्वारा वार्ड संख्या 11 से 25 तक, विकास अधिकारी सुरेश कविया द्वारा वार्ड संख्या 26 से 40 तक तथा अधिशाषी अधिकारी, नगरपालिका सोजत सिटी राघव मीणा द्वारा नगरपालिका सोजत रोड के वार्ड संख्या 1 से 12 तक जांच की गई। इसी क्रम में नायब तहसीलदार सोजत द्वारा वार्ड संख्या 13 से 25 तक की मतदाता सूचियों की गहनता से जांच की गई।
जांच के दौरान सामने आई अशुद्धियों एवं कमियों को दुरुस्त करवाया गया। साथ ही संबंधित जिम्मेदार प्रगणकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है। निर्वाचन विभाग की इस कार्रवाई को आगामी नगरपालिका आम चुनाव–2026 की तैयारियों के तहत मतदाता सूचियों को अधिक शुद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।









