सनातन धर्म के कथित अपमान के विरोध में
सोजत में आज निकलेगी रैली, होगा पुतला दहन
सोजत। संसद परिसर में साधु वेश धारण कर श्रीराम मंदिर के चढ़ावे की चोरी का नाटक किए जाने तथा सनातन धर्म एवं साधु-संतों के कथित अपमान के विरोध में विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल, जिला सोजत के तत्वावधान में बुधवार को विरोध प्रदर्शन एवं पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर संगठन के कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने तैयारियां पूर्ण कर ली हैं।
आयोजकों के अनुसार विरोध रैली बुधवार शाम 5 बजे वीर बालाजी मंदिर बस स्टैंड से प्रारंभ होकर एसडीएम कार्यालय तक पहुंचेगी। इसके बाद संगठन की ओर से राहुल गांधी एवं पप्पू यादव का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया जाएगा।
विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल के पदाधिकारियों ने कहा कि यह कार्यक्रम धार्मिक आस्था एवं साधु-संतों के सम्मान के समर्थन में आयोजित किया जा रहा है। उनका कहना है कि धार्मिक प्रतीकों एवं संत समाज के प्रति किसी भी प्रकार का कथित अपमान स्वीकार्य नहीं है और इसी के विरोध में लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन किया जाएगा।
संगठन ने क्षेत्र के धर्मप्रेमी नागरिकों, युवाओं एवं कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर अपना समर्थन देने का आह्वान किया है। आयोजकों का कहना है कि प्रदर्शन के माध्यम से वे संबंधित घटना के प्रति अपना विरोध दर्ज कराते हुए धार्मिक भावनाओं के सम्मान की मांग करेंगे।









