सोजत कन्या महाविद्यालय की छत का हिस्सा गिरा, बड़ा हादसा टला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सोजत कन्या महाविद्यालय की छत का हिस्सा गिरा, बड़ा हादसा टला

सोजत। लगातार हो रही मानसूनी वर्षा के बीच स्थानीय आई माता राजकीय कन्या स्नातक महाविद्यालय में एक बड़ा हादसा टल गया। शाम करीब चार बजे महाविद्यालय परिसर के बरामदे की छत का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। सौभाग्य से घटना के समय बरामदे में कोई छात्रा मौजूद नहीं थी, जिससे जनहानि नहीं हुई।

लगातार हो रही बारिश से भवन के विभिन्न हिस्सों में पानी का रिसाव होने के कारण महाविद्यालय की जर्जर स्थिति एक बार फिर उजागर हो गई। छत का प्लास्टर गिरने की घटना से छात्राओं, अभिभावकों तथा महाविद्यालय स्टाफ में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

घटना की सूचना मिलते ही प्राचार्य डॉ. श्यामलाल तोसावर ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त हिस्से का निरीक्षण किया। उन्होंने भवन की स्थिति से संबंधित उच्च अधिकारियों को अवगत कराते हुए छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया तथा एहतियात के तौर पर क्षतिग्रस्त क्षेत्र में तत्काल आवाजाही बंद कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. दलवीर सिंह राणावत, डॉ. नरेश ओझा, डॉ. राजू देवी तथा मंत्रालयिक कर्मचारी मुकेश मेवाड़ा और नरेंद्र पंवार भी उपस्थित रहे। सभी ने भवन की जर्जर अवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए शीघ्र मरम्मत की आवश्यकता बताई।

महाविद्यालय प्रशासन ने सार्वजनिक निर्माण विभाग एवं उच्च शिक्षा विभाग से भवन की तत्काल तकनीकी जांच करवाकर आवश्यक बजट स्वीकृत करने और मरम्मत कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को टाला जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें