सोजत पटवार संघ ने लंबित मांगों को लेकर उपखंड अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
सोजत। राजस्थान पटवार संघ की सोजत इकाई ने सोमवार को अपनी विभिन्न लंबित मांगों के समाधान की मांग को लेकर उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। संघ ने सरकार एवं राजस्व मंडल पर पटवारियों की वर्षों से लंबित समस्याओं के निराकरण में उदासीनता बरतने का आरोप लगाते हुए शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में पटवारियों ने गिरदावरी एप में आवश्यक सुधार, वेतनमान लेवल-10 लागू करने, नए पदों का सृजन, विभिन्न भत्तों में वृद्धि तथा पटवार मंडलों में आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने सहित सात प्रमुख मांगें रखीं। संघ का कहना है कि बार-बार मांग उठाने के बावजूद अब तक समस्याओं का समाधान नहीं होने से कर्मचारियों में गहरा असंतोष व्याप्त है। संघ ने चेतावनी दी कि यदि 29 अगस्त 2026 तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेशभर के पटवारी गिरदावरी कार्य का बहिष्कार करने के लिए बाध्य होंगे। ज्ञापन की प्रतियां राजस्व मंडल अध्यक्ष, राजस्व मंत्री तथा निबंधक कार्यालय को भी प्रेषित की गई हैं।
इस अवसर पर योगेश पंवार, जगदीश जाट, भंवर सिंह, संजय मेवाड़ा, किशन लाल मंजू मीणा, भीमराज कुमावत, उर्वशी सैनी, हुकुम सिंह, दुर्गेश गहलोत, घनश्याम सहित बड़ी संख्या में पटवारी उपस्थित रहे। पटवार संघ ने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार कर्मचारियों की जायज मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र समाधान करेगी, जिससे राजस्व कार्य प्रभावित होने की स्थिति उत्पन्न न हो।









