पांचेटिया में हरियालो राजस्थान अभियान के तहत लगाए 275 पौधे
सोजत। राज्य सरकार के ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान के तहत समीपस्थ ग्राम पांचेटिया स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में शुक्रवार को पर्यावरण संरक्षण का प्रेरक संदेश देते हुए 275 फलदार एवं छायादार पौधों का सघन वृक्षारोपण किया गया। कार्यक्रम के दौरान ‘एक पेड़ मां के नाम’ तथा ‘एक शिक्षक-एक पेड़’ अभियान के अंतर्गत शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण कर उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य राधेश्याम राजपुरोहित ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, शुद्ध वायु उपलब्ध कराने तथा भावी पीढ़ी को सुरक्षित भविष्य देने के लिए अधिकाधिक पौधारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि लगाए गए पौधों का संरक्षण भी उतना ही महत्वपूर्ण है, जितना उनका रोपण। उप प्रधानाचार्य बाबूलाल मीणा ने पौधों की देखरेख के लिए विद्यालय के छात्र-छात्राओं की अलग-अलग टोलियां गठित कर प्रत्येक टोली को जिम्मेदारी सौंपी, ताकि लगाए गए पौधे सुरक्षित रहकर वृक्ष का रूप ले सकें।
वृक्षारोपण अभियान में राधेश्याम राजपुरोहित, बाबूलाल मीणा, हरिराम मीणा, ललितसिंह आढ़ा, रेखा कंवर, अरविंद शर्मा, अमरचंद सांवरिया, जयप्रकाश, अनिल जोशी, अमित गौड़, वरिष्ठ सहायक विजयसिंह तथा शंकरलाल सहित विद्यालय परिवार ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के अंत में सभी ने पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने का संकल्प दोहराया। विद्यालय के प्रधानाचार्य राधेश्याम राजपुरोहित एवं वरिष्ठ अध्यापक अमरचंद सामरिया के विशेष प्रयासों से पौधों की व्यवस्था की गई।









