सोजत पत्रकार संगठन आईएफडब्ल्यूजे का सावन स्नेह सम्मेलन एवं शपथ ग्रहण समारोह आज, पत्रकारिता के सरोकारों पर होगा मंथन
सोजत।
इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (आईएफडब्ल्यूजे), राजस्थान की सोजत उपखंड इकाई के तत्वावधान में रविवार, 26 जुलाई को प्रातः 10 बजे स्थानीय होटल अमित इन, सोजत सिटी में भव्य सावन स्नेह सम्मेलन एवं नवगठित उपखंड कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में उपखंड क्षेत्र के बड़ी संख्या में पत्रकार सहभागिता करेंगे।

आईएफडब्ल्यूजे सोजत उपखंड अध्यक्ष कैलाश गहलोत ने बताया कि सम्मेलन संगठनात्मक एकता, पत्रकारों के पारस्परिक स्नेह, संवाद और समन्वय को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। कार्यक्रम में पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा में मीडिया की भूमिका, निष्पक्ष एवं उत्तरदायी पत्रकारिता, पत्रकारों के अधिकारों, सुरक्षा तथा संगठन की भावी कार्ययोजना सहित विभिन्न समसामयिक विषयों पर सार्थक विचार-विमर्श किया जाएगा। उन्होंने बताया कि समारोह के दौरान नवगठित उपखंड कार्यकारिणी के पदाधिकारियों का गरिमामय शपथ ग्रहण भी संपन्न होगा। साथ ही संगठन को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने तथा पत्रकार हितों के संरक्षण के लिए सामूहिक रूप से भावी रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
पत्रकार संगठन आईएफडब्ल्यूजे सोजत उपखंड के महासचिव नवनीत राय ‘रुचिर’ ने बताया कि आयोजन को लेकर संगठन की पूरी टीम कई दिनों से तैयारियों में जुटी हुई है। कार्यक्रम स्थल पर स्वागत, बैठक व्यवस्था एवं अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई हैं। उन्होंने उपखंड के संगठन से जुड़े सभी पत्रकार साथियों से समय पर उपस्थित होकर संगठन की एकजुटता का परिचय देने तथा कार्यक्रम को सफल बनाने का आग्रह किया। सावन माह के पावन अवसर पर आयोजित यह सम्मेलन पत्रकारों के बीच आत्मीयता, सहयोग और संगठनात्मक भावना को नई ऊर्जा प्रदान करने के साथ-साथ पत्रकारिता के आदर्शों को सुदृढ़ करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित होगा।








