सोजत में गोताखोरों ने सुरक्षा को लेकर सौंपा उपजिला कलेक्टर को ज्ञापन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सोजत में गोताखोरों ने सुरक्षा को लेकर सौंपा उपजिला कलेक्टर को ज्ञापन

सोजत।

आगामी गणेश चतुर्थी एवं गणेश महोत्सव को देखते हुए सोजत के गोताखोर प्रमुखों ने उपजिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर गणेश प्रतिमा निर्माताओं द्वारा 4 से 6 फीट से अधिक ऊंची प्रतिमाओं के निर्माण पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। उन्होंने ज्ञापन में बताया कि विशालकाय प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान गोताखोरों की जान जोखिम में पड़ जाती है, इसलिए समय रहते प्रशासन आवश्यक कदम उठाए।

ज्ञापन में बताया गया कि 14 सितंबर से गणेश चतुर्थी एवं गणेश महोत्सव का शुभारंभ होगा। इस दौरान शहर में बड़ी संख्या में गणेश प्रतिमाएं स्थापित की जाती हैं। प्रतिवर्ष लगभग 300 से 350 प्रतिमाओं का विसर्जन अनंत चतुर्दशी, 25 सितंबर को किले के समीप स्थित रामेलाव तालाब में किया जाएगा। उन्होंने ने कहा कि पिछले कई वर्षों से ऊंची एवं भारी प्रतिमाओं के विसर्जन के समय गोताखोरों को अत्यधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। प्रतिमाओं के अधिक वजन और ऊंचाई के कारण विसर्जन प्रक्रिया जोखिमपूर्ण हो जाती है तथा गोताखोरों के साथ किसी भी प्रकार की जनहानि की आशंका बनी रहती है।

ज्ञापन देने वालों में सोजत के प्रमुख गोताखोर मास्टर गणपत लाल माली , संजय सिंह राजपूत, थानाराम, कैलाश आदि गोताखोर प्रतिनिधि मौजूद रहे। उन्होंने ने उम्मीद जताई कि प्रशासन इस गंभीर विषय पर संवेदनशीलता दिखाते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करेगा, जिससे गणेश महोत्सव श्रद्धा, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

गोताखोरों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि जनहित एवं गोताखोरों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रतिमा निर्माताओं को पूर्व में ही निर्देश जारी किए जाएं कि वे 4 से 6 फीट से अधिक ऊंची अथवा अत्यधिक भारी गणेश प्रतिमाओं का निर्माण नहीं करें। इससे विसर्जन प्रक्रिया सुरक्षित, व्यवस्थित एवं दुर्घटना मुक्त बनाई जा सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें