दिव्यांग माता-पिता के सपनों को दी नई उड़ान, यशपाल ने नीट-2026 में हासिल की ऑल इंडिया 6009वीं रैंक

सोजत। दृढ़ संकल्प, कठिन परिश्रम और लगन के बल पर धीनावास निवासी यशपाल गिरी ने नीट-2026 परीक्षा में ऑल इंडिया 6009वीं रैंक प्राप्त कर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। यशपाल की सफलता इस बात का प्रेरक उदाहरण है कि प्रतिभा परिस्थितियों की मोहताज नहीं होती।
उल्लेखनीय है कि यशपाल के माता-पिता दोनों दिव्यांग हैं। उनके पिता भगवान गिरी राजकीय विद्यालय में शिक्षक हैं, जबकि माता गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों और चुनौतियों के बावजूद परिवार ने शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी, जिसका परिणाम आज यशपाल की शानदार सफलता के रूप में सामने आया है। यशपाल ने अपनी संपूर्ण शिक्षा राजकीय विद्यालयों से प्राप्त की। उन्होंने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, धीनावास से दसवीं कक्षा में 98 प्रतिशत तथा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सोजत नगर से बारहवीं कक्षा में 94 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। अब नीट में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उन्होंने चिकित्सा क्षेत्र में प्रवेश का सपना साकार किया है।
यशपाल का छोटा भाई प्रशांत गिरी भी बड़े भाई से प्रेरणा लेकर नीट परीक्षा की तैयारी में जुटा हुआ है। यशपाल अपनी सफलता का श्रेय दादा-दादी के स्नेह, गुरुजनों के मार्गदर्शन तथा बाबा रामदेवजी की कृपा को देता है। यशपाल की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर धीनावास सहित सोजत क्षेत्र में हर्ष का वातावरण है। ग्रामीणों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने उसे उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया।








