लिखमीदासजी महाराज के 276वें जन्मोत्सव को लेकर उत्साह, भव्य आयोजनों के पोस्टर का हुआ विमोचन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लिखमीदासजी महाराज के 276वें जन्मोत्सव को लेकर उत्साह, भव्य आयोजनों के पोस्टर का हुआ विमोचन

सोजत ।

माली समाज के आराध्य देव एवं संत शिरोमणि श्री 1008 लिखमीदासजी महाराज के 276वें जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले भव्य धार्मिक कार्यक्रमों के पोस्टर का मंगलवार को समाज के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में विधिवत विमोचन किया गया। इस अवसर पर समाज में जन्मोत्सव को लेकर विशेष उत्साह एवं श्रद्धा का वातावरण दिखाई दिया। आयोजन समिति द्वारा भजन संध्या, कलश यात्रा एवं भव्य शोभायात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

पोस्टर विमोचन समारोह में माली समाज अध्यक्ष चम्पालाल सांखला, बड़ाबास चौधरी गोर्धनलाल गहलोत, पावटी बास चौधरी ताराचंद टाक सहित पंचगण रामचंद्र खेजड़ा, मांगीलाल अटपड़ा, गिरधारीलाल गहलोत, संजय परिहार, लक्ष्मणराम गुंदावा, खींवराज सांखला, रामेश्वर परिहार, पुखराज परिहार आदि समाजबंधु उपस्थित रहे। महाराज श्री के जन्मोत्सव के अंतर्गत 28 जुलाई मंगलवार को रात्रि 8 बजे माली समाज भवन (जैतारणिया गेट के बाहर) विशाल भजन संध्या का आयोजन होगा। कार्यक्रम में प्रसिद्ध भजन गायक नरेश राव (भीलवाड़ा) तथा भजन गायिका ज्योति अपनी भक्तिमय प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर करेंगी।

दूसरे दिन 29 जुलाई बुधवार को प्रातः 8 बजे श्री लिखमीदासजी महाराज मंदिर (मेला का चौक) से भव्य कलश यात्रा एवं शोभायात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में समाज की महिलाएँ, पुरुष, युवा एवं श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में धर्मध्वजा एवं कलश के साथ नगर भ्रमण कर धर्म एवं संस्कृति का संदेश देंगे।

समाज पदाधिकारियों ने समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं एवं समाजबंधुओं से दोनों आयोजनों में अधिकाधिक संख्या में भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया। साथ ही 29 जुलाई को माली समाज का सामूहिक अवकाश घोषित करते हुए समाजजनों से अपने प्रतिष्ठानों एवं मजदूरी कार्यों में अवकाश रखने का अनुरोध भी किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें