अध्यापिका अनीता दवे को सेवानिवृत्ति पर दी भावभीनी विदाई 

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अध्यापिका अनीता दवे को सेवानिवृत्ति पर दी भावभीनी विदाई 

शिक्षक स्वयं जलकर समाज को प्रकाशित करने वाला दीपक है – दवे

सोजत ।

राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, सोजत रोड की वरिष्ठ अध्यापिका श्रीमती अनीता दवे के 31 वर्ष 8 माह के गौरवपूर्ण सेवाकाल पूर्ण होने पर विद्यालय परिसर में भावभीना सम्मान एवं विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में शिक्षा, समाज और जनजीवन से जुड़े अनेक गणमान्य नागरिकों ने उनकी उत्कृष्ट सेवाओं की सराहना करते हुए उन्हें प्रेरणादायी व्यक्तित्व बताया।

मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री लक्ष्मीनारायण दवे ने कहा कि धैर्य, सकारात्मक दृष्टिकोण, ऊर्जावान कार्यशैली और मानवीय संवेदनाओं के साथ अध्यापिका श्रीमती अनीता दवे ने शिक्षा की जो अलख जगाई है, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि शिक्षक स्वयं जलकर समाज को प्रकाशित करने वाला दीपक होता है और श्रीमती दवे ने इस आदर्श को अपने कार्यों से सार्थक किया है।

अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी मो. रफीक एवं शिक्षाविद् डॉ. वासुदेव सांखला ने कहा कि अनीता दवे ने अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया तथा चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी विद्यार्थियों और सहकर्मियों का प्रभावी मार्गदर्शन किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती अर्चना चौहान ने कहा कि विद्यालय परिवार उनके समर्पण, सेवा और त्याग को सदैव स्मरण रखेगा।

अपर लोक अभियोजक पंकज त्रिवेदी ने कहा कि शिक्षक समाज का वास्तविक पथप्रदर्शक होता है और अनीता दवे ने इस दायित्व का उत्कृष्ट निर्वहन किया है। अपने उद्बोधन में श्रीमती अनीता दवे ने कहा कि 31 वर्ष 8 माह की सेवा यात्रा उनके लिए अविस्मरणीय रही। इस दौरान मिले सहयोग, स्नेह और मार्गदर्शन के लिए उन्होंने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह में विद्यालय परिवार द्वारा श्रीमती दवे का प्रशस्ति-पत्र, शॉल, स्मृति-चिन्ह एवं स्नेह-भेंट देकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर उनकी ओर से विद्यालय की छात्राओं के लिए भोजन-प्रसादी का आयोजन भी किया गया।

समारोह में वरिष्ठ नागरिक समिति अध्यक्ष ओमप्रकाश जोशी, जुगल किशोर निकुंम, ललित दवे, कार्तिक व्यास, अक्षय व्यास, चेतन व्यास, हितेंद्र व्यास, उपप्रधानाचार्य स्माइल खान, चंद्रशेखर व्यास, प्रभा शर्मा, शांतिलाल सैन, आशा लौहार, सीमा व्यास, आशा सिसोदिया, दिनेश, मनीष, राजेन्द्र दवे, सुरेन्द्र दवे, चंदन व्यास, रैनव व्यास, धीरेन्द्र, धर्मेन्द्र, सुमित, सिमरन, मधु दवे, उषा, जनार्दन दवे, अशोक त्रिवेदी, जितेन्द्र, लखन, हरीश, प्रशांत दवे, निकिता दवे, विक्रम कुमार, मृगांका सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन, शिक्षकगण, जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें