सोजत में वर्तमान टाइम्स न्यूज पोर्टल टीम द्वारा
स्वतंत्रता सेनानी एवं पत्रकारिता के पुरोधा कप्तान दुर्गा प्रसाद चौधरी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गयी
सोजत।
स्वतंत्रता सेनानी, प्रख्यात समाजसेवी एवं दैनिक नवज्योति के संस्थापक-संपादक रहे विराट व्यक्तित्व के धनी कप्तान दुर्गा प्रसाद चौधरी की 34वीं पुण्यतिथि पर समीपस्थ ग्राम सियाट स्थित वी सोच महाविद्यालय में वर्तमान टाइम्स न्यूज पोर्टल टीम द्वारा स्वतंत्रता सेनानी स्व. चौधरी स्मृति श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया । कार्यक्रम में स्व. चौधरी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर वर्तमान टाइम्स न्यूज पोर्टल के मुखिया एवं वी सोच कॉलेज के प्रबंध निदेशक हेरंभ भारद्वाज ने कहा कि कप्तान दुर्गा प्रसाद चौधरी ने स्वतंत्रता संग्राम में सक्रिय भूमिका निभाने के साथ-साथ निर्भीक, निष्पक्ष और जनपक्षधर पत्रकारिता की जो परंपरा स्थापित की, वह आज भी पत्रकारिता जगत के लिए आदर्श है। उन्होंने सत्य, साहस और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पत्रकारिता को समाज परिवर्तन का प्रभावी माध्यम बनाया। उनके सिद्धांत और मूल्य आज की युवा पीढ़ी तथा पत्रकारों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
वर्तमान टाइम्स न्यूज पोर्टल के संपादक एवं राष्ट्रीय दोहाकार नवनीत राय ‘रुचिर’ ने कहा कि कप्तान चौधरी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, सामाजिक चेतना और जनजागरण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने पत्रकारिता को केवल समाचारों का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का सशक्त साधन बनाया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में भी उनकी निष्पक्षता, सत्यनिष्ठा और लोकहित की भावना उतनी ही प्रासंगिक है, जितनी उनके जीवनकाल में थी। उनके आदर्शों का अनुसरण कर ही पत्रकारिता अपनी विश्वसनीयता और गरिमा बनाए रख सकती है।
श्रद्धांजलि सभा में सोजत दैनिक नवज्योति के संवाददाता प्रकाश राठौड़, वर्तमान टाइम्स न्यूज पोर्टल टीम के अजय माहेश्वरी, अरविंद कुमार, चंद्रप्रकाश, मनमोहन पंवार आदि ने कहा कि कप्तान दुर्गा प्रसाद चौधरी एक विराट व्यक्तित्व के धनी थे। महान विभूतियों का स्मरण केवल श्रद्धांजलि तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनके आदर्शों और मूल्यों को जीवन में आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कप्तान दुर्गा प्रसाद चौधरी के प्रति गहरा सम्मान व्यक्त करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प भी लिया।









