सोजत रोड क्षेत्र के लिए गर्व और सम्मान की बात है कि स्थानीय निवासी वर्षा तिवारी ने Apex University Jaipur से “पंचायती राज व्यवस्था में महिला राजनीतिक सहभागिता : पाली जिले के संदर्भ में अध्ययन” विषय पर पीएच.डी. की उपाधि अर्जित की है। इस उपलब्धि के साथ ही वे अब “डॉ. वर्षा तिवारी” के रूप में पहचानी जाएंगी।
डॉ. तिवारी ने सीमित संसाधनों और व्यस्त दिनचर्या के बावजूद अपने लक्ष्य को प्राप्त कर यह सिद्ध कर दिया कि दृढ़ इच्छाशक्ति और समर्पण के आगे कोई बाधा बड़ी नहीं होती। परिवार और कार्यस्थल की जिम्मेदारियों के बीच संतुलन बनाते हुए उन्होंने अपने शोध कार्य को सफलतापूर्वक पूरा किया, जो विशेष रूप से महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रेरक उदाहरण है।
इस उपलब्धि पर उनके परिवार में हर्ष का माहौल है। वहीं V Soch College एवं V Soch Academy के स्टाफ ने भी उन्हें बधाई देते हुए इसे संस्थान के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया।
शोध कार्य के दौरान विश्वविद्यालय के प्राध्यापकों, शोध निर्देशक एवं स्टाफ का महत्वपूर्ण सहयोग रहा, जिनके मार्गदर्शन में यह शोध पूर्ण हो सका।
डॉ. वर्षा तिवारी की इस सफलता को क्षेत्र में शिक्षा के बढ़ते स्तर और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी का सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने इसे सोजत रोड के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे युवाओं, विशेषकर छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रेरणा मिलेगी।










