सोजत रोड । मां सरस्वती के प्राकट्य दिवस बसंत पंचमी का पर्व वरिष्ठ नागरिक समिति के सदस्यों ने स्कूली बच्चों संग पर्व की खुशियां बांटकर मनाया । सवेरे वरिष्ठजन राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, चौकीदारों की ढाणी व पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पहुंचे जहां सरस्वती माता की तस्वीर को माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलित किया । वरिष्ठजनों ने विद्यार्थियों संग प्रार्थना सभा में मां शारदा की प्रार्थना का सस्वर गान किया मानो बचपन को दोहराया हो । समिति के उपाध्यक्ष डॉ. वासुदेव सांखला ने कहा कि यह पर्व प्रकृति एवं संस्कृति का मिला जुला उत्सव है । आयोजन के संयोजक भामाशाह वरिष्ठ सदस्य पूरणमल सोनी ने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि हर स्कूल ही नहीं, घर-घर यह पर्व मनाया जाये । वरिष्ठजनों ने विभिन्न स्कूलों में बच्चों का लड्डुओं से मुंह मीठा कराया व लगभग 700 बच्चों संग पर्व संबंधी संवाद करते हुए बसंत पंचमी पर्व मनाया । वरिष्ठजनों के दल में सचिव अशोक जांगला, अवधेश दवे, नाथूसिंह राठौड़, हेमाराम सोलंकी, पारसमल मेवाड़ा, वीरमराम चौधरी, अशोक त्रिवेदी, रतनलाल मेवाड़ा उपस्थित रहे ।











