*मतदान के अधिकार व कर्तव्य को लेकर विद्यार्थियों को किया गया जागरूक सियाट (सोजत)*

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वीसोच कॉलेज, सियाट (सोजत) में शुक्रवार, 23 जनवरी 2026 को 16वां प्री-राष्ट्रीय मतदाता दिवस हर्षोल्लास एवं जागरूकता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय परिसर में किया गया, जिसमें विद्यार्थियों, शिक्षकगण एवं भावी मतदाताओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया। इस अवसर पर मतदान के अधिकार, मतदाता के कर्तव्य तथा लोकतंत्र में युवाओं की भूमिका को लेकर विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए की गई। वक्ताओं ने बताया कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस प्रतिवर्ष 25 जनवरी को भारतीय निर्वाचन आयोग के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य नागरिकों, विशेषकर युवाओं और प्रथम बार मतदान करने वाले मतदाताओं में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

कार्यक्रम के अंतर्गत पोस्टर प्रतियोगिता एवं वीडियो मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपने पोस्टरों और वीडियो के माध्यम से मतदान के महत्व, जागरूक मतदाता की भूमिका तथा लोकतंत्र की मजबूती जैसे विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। पोस्टर प्रतियोगिता में सीमा सीरवी एवं पायल सांवलोत ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को मतदान के अधिकार के साथ-साथ इसे अपने कर्तव्य के रूप में निभाने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती जागरूक मतदाता पर निर्भर करती है और प्रत्येक नागरिक को बिना किसी दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए। साथ ही पहले राष्ट्रीय मतदाता दिवस से लेकर 16वें मतदाता दिवस तक की यात्रा तथा निर्वाचन आयोग द्वारा किए गए विभिन्न प्रयासों की भी जानकारी दी गई।

महाविद्यालय के निदेशक हेरम्ब भारद्वाज ने भारतीय निर्वाचन आयोग की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आयोग निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करता है। प्राचार्या डॉ. वर्षा तिवारी ने मतदाता के कर्तव्य और वोट के महत्व पर जोर देते हुए विद्यार्थियों से लोकतंत्र को सशक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
शिक्षक मोहम्मद आसिफ ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस के आयोजन और इसके जागरूकता उद्देश्य पर अपने विचार रखे, जबकि शिक्षक अशोक कुमार ने भावी मतदाताओं से आने वाले चुनावों में अपने मत के प्रति सजग रहने की अपील की।

अंत में विद्यार्थियों एवं भावी मतदाताओं को मतदान की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों में सीमा सीरवी, पायल सांवलोत, यशोदा, उर्मिला रावल, मनमोहन, चन्द्र प्रकाश, अशोक सीरवी, खरताराम, कमलेश सीरवी, गौरव, प्रिंस, महीपाल एवं सूर्यप्रकाश प्रमुख रूप से शामिल रहे।

कार्यक्रम में निदेशक हेरम्ब भारद्वाज, प्राचार्या डॉ. वर्षा तिवारी, मोहम्मद आसिफ, अशोक गहलोत, शाहरुख खान, राजेंद्र कुमावत, समरपाल सिंह, निर्मला, विजयेंद्र सिंह, भावना गोराणा, भावना बोराणा एवं उगमराज सहित अनेक शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।

MAN MOHAN
Author: MAN MOHAN

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें