

रामासनी बाला की पहली सरपंच बनीं मनोहर देवी, 516 मतों से विजयी
स्वागत में हुई आतिशबाजी, रात्रि में ही ग्राम वासियों ने मनाया जश्न
रिपोर्टर – नवनीत राय ‘रुचिर’
सोजत। पंचायत समिति सोजत की नवगठित ग्राम पंचायत रामासनी बाला में श्रीमती मनोहर देवी पत्नी बाबूलाल भाटी पहली सरपंच निर्वाचित हुईं। सात प्रत्याशियों के बीच हुए मुकाबले में मनोहर देवी को 821 मत प्राप्त हुए, जबकि दूसरे स्थान पर रहीं मैना मेघवाल को 305 मत मिले। इस प्रकार मनोहर देवी ने 516 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। मनोहर देवी के स्वागत में भारी आतिशबाजी हुई तथा रात्रि में ही ग्राम वासियों ने जश्न मनाया।
उनकी विजय पर गांव के विभिन्न वर्गों के लोगों ने खुशी जताई। ग्रामीणों ने नवनिर्वाचित सरपंच को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। नवनिर्वाचित सरपंच श्रीमती मनोहर देवी बाबूलाल भाटी ने इसे पूरे रामासनी बाला व धंधेड़ी गांव की जीत बताते हुए दोनों ग्राम वासियों का आभार ज्ञापित किया। नई ग्राम पंचायत के गठन के साथ पहले निर्वाचित नेतृत्व से ग्रामीणों में विकास की उम्मीदें भी जुड़ी हैं।
ग्राम पंचायत के सभी सात वार्डों में वार्ड पंच भी निर्वाचित हुए। वार्ड संख्या 1 से सुखिया देवी, वार्ड संख्या 2 से हरि सिंह जोधा, वार्ड संख्या 3 से नारंगी देवी, वार्ड संख्या 4 से रूगाराम देवासी, वार्ड संख्या 5 से रिंकू देवी, वार्ड संख्या 6 से रमेश चंद्र तथा वार्ड संख्या 7 से प्रेमचंद विजयी रहे।
नवनिर्वाचित सरपंच मनोहर देवी ने शुद्ध पेयजल की व्यवस्था, साफ-सुथरी सड़कें, स्वच्छ वातावरण और गांव के समग्र विकास को अपना प्रमुख संकल्प बताया है। महिला सशक्तिकरण, शिक्षा एवं रोजगार के अवसरों के साथ किसानों और गरीबों का सम्मान भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
उल्लेखनीय है कि ग्राम पंचायत में सरपंच पद के लिए केली देवी, पुष्पा देवी, मनोहर देवी, मैना मेघवाल, शोभा कुमारी, सीमा देवी और सुमित्रा देवी सहित कुल सात उम्मीदवार चुनाव मैदान में थीं।












