धाकड़ी में दो बंद मकानों में चोरी, मुंबई में मौजूद मालकिन को सीसीटीवी से लगी भनक
रिपोर्टर – नवनीत राय ‘रुचिर’, सोजत
सोजत। समीपवर्ती धाकड़ी गांव में चोरों ने दो बंद मकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। मुंबई में मौजूद मकान मालकिन ने कैमरों में संदिग्धों की गतिविधियां देखकर ग्रामीणों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार, चोरों ने बंद पड़े महेंद्र जैन व चंपालाल जैन के दोनों मकानों को निशाना बनाते हुए उनके ताले तोड़े और भीतर घुसकर चोरी की। दूर रहते हुए भी सीसीटीवी के माध्यम से मकान पर नजर रख रही मालकिन को संदिग्ध दिखाई दिए तो उन्होंने ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी।
सूचना मिलने पर थानाधिकारी दाऊद खान और एएसआई मोहनलाल पुलिस जाब्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंचे तथा मौका मुआयना किया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने और अज्ञात चोरों का पता लगाने में जुटी है। सूत्रों के अनुसार 25 दिन पूर्व भी चोरों ने मीठालाल जैन के मकान में चोरी की थी। जिसका भी अभी तक कोई खुलासा नहीं हुआ है। गांव में बढ़ रही चोरी की वारदातों से भय का माहौल है।
फोटो – सीसीटीवी में कैद संदिग्ध चोर









