
‘नारी–राष्ट्र का गौरव’ सम्मेलन में युवतियों को सशक्त और आत्मनिर्भर बनने का संदेश
रिपोर्टर – नवनीत राय ‘रुचिर’
सोजत। नारी सशक्तिकरण, महिला सुरक्षा और बालिका शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सोजत नगर की ओर से राजपुरोहित छात्रावास में ‘नारी–राष्ट्र का गौरव’ युवती सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में युवतियों को अपनी क्षमताएं पहचानने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष कीर्ति तंवर रहीं। अभाविप की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य पूनम भाटी तथा महिला एवं बाल विकास अधिकारी सुरभि चौहान भी उपस्थित रहीं। सम्मेलन में शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को युवतियों के सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए इन विषयों पर जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।
पूनम भाटी ने अपने उद्बोधन में ‘पंच परिवर्तन’ के पांच प्रमुख आयामों—सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्व का बोध और नागरिक कर्तव्य—पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इन मूल्यों को जीवन में अपनाने से सामाजिक समानता, पारिवारिक संस्कार, पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध को मजबूती मिल सकती है। उन्होंने युवतियों से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए आगे आने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में अभाविप की छात्रा कार्यकर्ता कुमकुम वैष्णव, मोनिका जाट, अंजलि वैष्णव, अनीता बेनीवाल, भूमिका प्रजापत, जलक चौधरी और कल्पना चौधरी ने सहयोग किया।









