मॉडल स्कूल में श्रद्धा से मनाई गई गांधी व शास्त्री जयंती
रिपोर्टर – नवनीत राय ‘रुचिर’, सोजत
सोजत । स्थानीय स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल,सोजत में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती हर्षोल्लास व श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन संस्था प्रधान हेमंत आसेरी की अध्यक्षता में हुआ।
समारोह की शुरुआत में महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन कर उन्हें नमन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा ‘दांडी मार्च’ की जीवंत झांकी प्रस्तुत की गई, जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया। इसके साथ ही आयोजित फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में नन्हें-मुन्ने बच्चों ने गांधीजी, शास्त्रीजी, स्वामी विवेकानंद सहित विभिन्न महापुरुषों की वेशभूषा धारण कर उनके आदर्शों का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं तथा गांधीजी व शास्त्रीजी के जीवन दर्शन पर आधारित सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी (क्विज) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
संस्था प्रधान हेमंत आसेरी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सत्य, अहिंसा और सादगी के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। पूरे कार्यक्रम का प्रभावी मंच संचालन शिक्षक जयदेव व्यास द्वारा किया गया। इस दौरान विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।









