गणपति बप्पा मोरिया’ के जयघोष से गूंजा सोजत, रामेलाव तालाब में करीब 300 प्रतिमाओं का विसर्जन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

‘गणपति बप्पा मोरिया’ के जयघोष से गूंजा सोजत, रामेलाव तालाब में करीब 300 प्रतिमाओं का विसर्जन

रिपोर्टर – नवनीत राय ‘रुचिर’, सोजत 

सोजत। दस दिवसीय गणपति महोत्सव का शुक्रवार को अनंत चतुर्दशी के अवसर पर श्रद्धा, उल्लास और भक्तिमय वातावरण में समापन हुआ। स्थानीय रामेलाव तालाब में विधि-विधानपूर्वक लगभग 300 छोटी-बड़ी गणपति प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। दिनभर ‘गणपति बप्पा मोरिया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयघोष से पूरा नगर गुंजायमान रहा।

सुबह से ही रामेलाव तालाब परिसर में मेले जैसा माहौल नजर आया। दोपहर में गर्मी के कारण श्रद्धालुओं की भीड़ कुछ कम रही, लेकिन शाम होते-होते उत्साह चरम पर पहुंच गया। शहर के विभिन्न गली-मोहल्लों और बाजारों से गणपति टोलियां सजे-धजे ट्रैक्टरों में प्रतिमाएं लेकर तालाब पहुंचीं। डीजे और ढोल-नगाड़ों की धुन पर नाचते-गाते श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा को भावभीनी विदाई दी। बाजार भ्रमण के दौरान शहर में अनेक स्थानों पर पुष्पवर्षा कर गणपति टोलियों का स्वागत किया गया।

नवनिर्वाचित नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति राजेश तंवर के मार्गदर्शन में रामेलाव तालाब और उसके चारों ओर आकर्षक रोशनी की व्यवस्था की गई। रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाता तालाब परिसर मेलार्थियों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना रहा।

मेले के दौरान आर्य समाज मंदिर के बाहर विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, मातृशक्ति एवं दुर्गा वाहिनी के प्रांत अधिकारी गजेन्द्र सांखला, जिला अधिकारी मांगीलाल गहलोत व एडवोकेट सुरेंद्र वैष्णव तथा खंड अधिकारी रणजीतसिंह राजपुरोहित व कार्यकर्ताओं द्वारा शहर के विभिन्न स्थानों से प्रतिमा विसर्जन के लिए पहुंचे सभी गणपति समूहों के भक्तों का कुमकुम तिलक लगाकर, दुपट्टा ओढ़ाकर, सम्मान-पत्र, फरसा भेंट कर तथा मिठाई के पैकेट वितरित कर अभिनंदन किया गया। वहीं नगरपालिका प्रशासन की ओर से भी विभिन्न क्षेत्रों से पहुंची गणपति टोलियों के प्रतिनिधियों का स्वागत-सत्कार किया गया। इस मौके पूर्व केबिनेट मंत्री लक्ष्मीनारायण दवे, वरिष्ठ अधिवक्ता आनंद भाटी, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति राजेश तंवर, उपाध्यक्ष राकेश पंवार तथा उपस्थित सभी पार्षदों ने गणपति मंडलों के प्रतिनिधियों का अभिनंदन किया।

बड़ी प्रतिमाओं के सुरक्षित विसर्जन में शहर के गोताखोर मास्टर गणपतलाल के नेतृत्व वाली टीम ने पुलिस प्रशासन के साथ महत्वपूर्ण सहयोग दिया। वहीं, कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा।

तालाब परिसर और आसपास लगे नमकीन, चाट तथा आइसक्रीम के ठेलों पर भी लोगों की भारी भीड़ दिखाई दी। नगर के इस प्रमुख धार्मिक उत्सव में युवाओं और बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। देर शाम तक रामेलाव तालाब परिसर तथा उसकी ओर जाने वाले मार्ग श्रद्धालुओं से खचाखच भरे रहे।

उल्लेखनीय है कि महोत्सव के समापन से एक दिन पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति राजेश तंवर ने प्रातः पदभार संभालने के बाद शाम को त्वरित सक्रियता दिखाते हुए रामेलाव तालाब पहुंचकर विसर्जन व्यवस्थाओं का जायजा लिया था। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को सुरक्षा, प्रकाश, स्वच्छता तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। नगरपालिका प्रशासन, पुलिस, गोताखोरों और गणपति मंडलों के सामूहिक सहयोग से प्रतिमा विसर्जन पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *