सोजत वाटर वर्क्स रोड पर जलभराव और क्षतिग्रस्त सड़क बनी मुसीबत, दुर्घटनाओं का खतरा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

प्रशासन की अनदेखी से बढ़ रहे गड्ढे, राहगीर परेशान

सोजत वाटर वर्क्स रोड पर जलभराव और क्षतिग्रस्त सड़क बनी मुसीबत, दुर्घटनाओं का खतरा

रिपोर्टर – नवनीत राय ‘रुचिर’, सोजत 

सोजत। शहर के वाटर वर्क्स रोड पर परमानंदजी हीरानी की मेंहदी फैक्ट्री के बाहर लंबे समय से सड़क की हालत बदहाल बनी हुई है। यहां जगह-जगह बने गड्ढों की समय पर मरम्मत नहीं होने से उनका आकार लगातार बढ़ता जा रहा है। गड्ढों में गंदा पानी जमा रहने से सड़क ने मानो कीचड़युक्त रास्ते का रूप ले लिया है। इसके बावजूद पालिका प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने से क्षेत्रवासियों और राहगीरों में रोष व्याप्त है।

यह मार्ग आसपास के मोहल्लों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों एवं मुख्य राष्ट्रीय राजमार्ग 62 की ओर जाने वाले प्रमुख रास्तों में शामिल है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में दुपहिया और अन्य बड़े वाहन गुजरते हैं। सड़क पर फैले गहरे गड्ढों तथा जलभराव के कारण वाहन चालकों को संभलकर निकलना पड़ता है। विशेष रूप से दुपहिया वाहन चालकों के असंतुलित होकर गिरने का खतरा बना रहता है। रात के समय पर्याप्त रोशनी के अभाव में स्थिति और भी जोखिमपूर्ण हो जाती है।

पैदल राहगीरों, महिलाओं, बुजुर्गों एवं स्कूली बच्चों को भी इस मार्ग से गुजरते समय भारी परेशानी उठानी पड़ती है। आसपास का पानी गड्ढों में भर जाने से उनकी गहराई का अनुमान नहीं लग पाता, जिससे आए दिन छोटी-मोटी दुर्घटनाएं होने की आशंका बनी रहती है। बारिश में हाल और भी अधिक दुभर हो जाते हैं। वहीं लंबे समय तक जमा रहने वाला गंदा पानी दुर्गंध और मच्छरों की समस्या को भी बढ़ावा दे रहा है।

मेंहदी व्यवसायी एवं समाजसेवी मुकेश हीरानी का कहना है कि समय रहते सड़क की मरम्मत कर दी जाती तो गड्ढे इतने बड़े नहीं होते। लगातार अनदेखी के कारण सड़क अधिक क्षतिग्रस्त होती जा रही है और समस्या गंभीर रूप ले रही है। क्षेत्रवासियों ने पालिका प्रशासन से अविलंब गड्ढों को भरवाकर सड़क की स्थायी मरम्मत कराने तथा जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि राहगीरों को राहत मिल सके और संभावित दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें