सोजत में बेटियों के लिए एक माह तक चलने वाला
आत्मरक्षा प्रशिक्षण आज से होगा प्रारम्भ
रिपोर्टर – नवनीत राय ‘रुचिर’, सोजत
सोजत। बेटियों को आत्मनिर्भर, निर्भीक और विपरीत परिस्थितियों का साहसपूर्वक सामना करने में सक्षम बनाने की दिशा में राजकीय महाविद्यालय सोजत में स्थापित रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा केंद्र के माध्यम से एक माह का विशेष आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम 7 सितंबर सोमवार से प्रारंभ होगा। प्रशिक्षण का उद्देश्य छात्राओं में केवल शारीरिक सुरक्षा के गुर विकसित करना ही नहीं, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, सजगता और मानसिक दृढ़ता का संचार करना भी है।
कार्यक्रम प्रभारी नीलू देवल ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर द्वारा छात्राओं को आत्मरक्षा की विभिन्न तकनीकों का व्यावहारिक अभ्यास कराया जाएगा। यह केंद्र ब्लॉक क्षेत्र के सभी राजकीय एवं निजी महाविद्यालयों की छात्राओं के लिए खुला रहेगा। प्रशिक्षण पूर्ण करने वाली प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए जाएंगे। इच्छुक छात्राएं, पूर्व छात्राएं, महिलाएं एवं किशोरियां महाविद्यालय से संपर्क कर प्रशिक्षण में भाग ले सकेंगी।
एक माह के प्रशिक्षण को चार चरणों में विभाजित किया गया है। प्रथम सप्ताह में आत्मरक्षा की आवश्यकता, साहस एवं आत्मविश्वास के साथ संकटपूर्ण परिस्थितियों का सामना करने की जानकारी दी जाएगी। द्वितीय सप्ताह में आत्मरक्षा की मूल तकनीकों एवं प्राथमिक चिकित्सा, जबकि तृतीय सप्ताह में पकड़ने-गिराने, आपातकालीन तकनीकों तथा पौष्टिक आहार के महत्व से परिचित कराया जाएगा।
चतुर्थ सप्ताह में कानूनी प्रावधानों, सुरक्षा उपकरणों के उपयोग तथा वास्तविक परिस्थितियों में स्वयं की रक्षा के व्यावहारिक अभ्यास पर विशेष जोर रहेगा। महाविद्यालय की यह पहल बेटियों और महिलाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ उनमें ‘अपनी रक्षा स्वयं करने’ का आत्मबल और विश्वास जगाने की सार्थक कोशिश साबित होगी।









