सोजत के दो पत्रकारों को मिलेगा राष्ट्रीय ‘राष्ट्र गौरव पुरस्कार’
वरिष्ठ शायर-पत्रकार अब्दुल समद राही व
युवा पत्रकार अकरम खान का राष्ट्रीय स्तर पर चयन
🖋️नवनीत राय ‘रुचिर’

सोजत। समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया ने वर्ष 2026 के अपने सर्वोच्च ‘राष्ट्र गौरव पुरस्कार’ के लिए देशभर की 41 प्रतिभाओं का चयन किया है। इनमें सोजत के वरिष्ठ शायर एवं पत्रकार अब्दुल समद राही तथा युवा पत्रकार अकरम खान का चयन होना क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए दोनों पत्रकारों को राष्ट्रीय मंच पर प्रतिष्ठित ‘राष्ट्र गौरव’ सम्मान से अलंकृत किया जाएगा।
संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन ने बताया कि संस्था की हिमाचल प्रदेश इकाई तथा भाषा एवं संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 23 अगस्त को बिलासपुर स्थित भाषा संस्कृति सभागार में 9वां राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह के मुख्य अतिथि बिलासपुर के उपायुक्त राहुल कुमार होंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में कर्नल जसवंत सिंह चंदेल तथा जिला भाषा अधिकारी श्रीमती नीलम चंदेल मौजूद रहेंगी। समारोह में संस्था के राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामस्वरूप भटनागर सहित विभिन्न प्रदेशों के पदाधिकारी भी शिरकत करेंगे।
राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह में शिक्षा, साहित्य, समाजसेवा, कला-संस्कृति और पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली देशभर की चयनित प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही राष्ट्र की सुरक्षा में साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देने वाले बीएसएफ के डिप्टी कमांडेंट नीरज शर्मा सहित सेना के विशिष्ट व्यक्तित्वों को भी ‘राष्ट्र गौरव’ सम्मान प्रदान किया जाएगा।
सोजत के अब्दुल समद राही और अकरम खान का राष्ट्रीय स्तर के इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चयन होने से क्षेत्र के साहित्य व पत्रकारिता जगत में हर्ष है। एक ही शहर के दो पत्रकारों को देशभर की चयनित प्रतिभाओं में स्थान मिलना सोजत की पत्रकारिता के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि आप दोनों ही पत्रकार बंधु IFWJ (इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिट्स राजस्थान) के पाली व सोजत के प्रमुख पदाधिकारी हैं। आपको मिल रहे इस पुरस्कार पर IFWJ पत्रकार संगठन के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने आपको हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दीं।










