मोटर वाहन एसोसिएशन की भजन संध्या में उमड़ा आस्था का सैलाब
शोभायात्रा में युवा, महिला एवं पुरुषों ने प्रस्तुतियों से बांधा समां

सोजत। मोटर वाहन एसोसिएशन सोजत के तत्वावधान में चामुंडा माता भाकरी की तलहटी में विशाल भजन संध्या का आयोजन श्रद्धा एवं उल्लास के साथ किया गया। भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन कलाकार महेंद्र सिंह राठौड़ एवं अन्य कलाकारों ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।
कार्यक्रम में नगर के प्रमुख समाजसेवी, जनप्रतिनिधि तथा धार्मिक आस्था से जुड़े श्रद्धालुओं सहित बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी नागरिक उपस्थित रहे। भजनों की प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु देर तक भक्तिरस में सराबोर नजर आए। कार्यक्रम का संचालन प्रमोद परिहार ने किया।
इससे पूर्व मोटर वाहन एसोसिएशन के अध्यक्ष मदन गहलोत व उनकी टीम द्वारा शहर में विशाल शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में युवा, महिला एवं पुरुषों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विविध प्रस्तुतियों से आकर्षण का केंद्र बनाया। मार्ग में धर्मप्रेमी नागरिकों ने शोभायात्रा का स्वागत किया। आयोजन ने पूरे नगर को धार्मिक एवं भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया।









