सोजत में वर्षा की कामना को लेकर आज निकलेगी भव्य शोभायात्रा, सजेगी विशाल भक्ति संध्या
सोजत। नगर में अच्छी वर्षा एवं जनकल्याण की मंगलकामना के साथ मोटर वाहन एसोसिएशन द्वारा 9 अगस्त रविवार को 23वें विशाल भक्ति संध्या एवं भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को पदाधिकारियों ने अंतिम रूप दिया।
आयोजन के तहत रविवार को कालागोरा भैरू मंदिर से भव्य शोभायात्रा रवाना होगी, जो नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए मां चामुंडा भाकरी पहुंचेगी। वहां विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। इसके बाद रात्रि में विशाल भक्ति संध्या का आयोजन किया जाएगा। भक्ति संध्या में सुप्रसिद्ध भजन गायक महेंद्रसिंह राठौड़, तेजपालसिंह एवं शीतल वैष्णव अपनी मधुर एवं भक्तिमय प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर करेंगे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेविका भीकीदेवी टाक तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में मुन्नसा तंवर उपस्थित रहेंगे।
मोटर वाहन एसोसिएशन के अध्यक्ष मदन गहलोत ने बताया कि आयोजन को सफल एवं भव्य बनाने के लिए मदन गोपाल सांखला, कानाराम भाटी, चेतननाथ, शिवलाल, मानसिंह, प्रकाशचंद, दिनेश सांखला, रमेश सिंगाड़िया सहित अनेक कार्यकर्ता विभिन्न व्यवस्थाओं में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों में विशेष उत्साह का वातावरण बना हुआ है।









