सोजत विधानसभा क्षेत्र की 10 सड़कों के निर्माण को ₹ 12.12 करोड़ की मंजूरी
सोजत। सोजत विधानसभा क्षेत्र में सड़क आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए राज्य सरकार ने 10 सड़क निर्माण कार्यों के लिए 12 करोड़ 12 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति जारी की है। यह स्वीकृति वर्ष 2026-27 के बजट प्रावधानों के अंतर्गत प्रदान की गई है, जिससे क्षेत्र के अनेक गांवों को बेहतर एवं सुगम सड़क संपर्क उपलब्ध हो सकेगा।
विधायक श्रीमती शोभा चौहान ने बताया कि स्वीकृत कार्यों में बागावास-शिवपुरा (10 किमी), सोजत-फूलाद रोड से आलावास, खामल से खामल बॉर्डर, हीरावास से दादी, सरदारसमंद-पाली लिंक रोड से नई ढाणी, केलवाद से देवली हुल्ला तथा गुड़ा कला से गुड़ा रामसिंह मार्ग सहित विभिन्न महत्वपूर्ण सड़कें शामिल हैं। इन नॉन-पेचेबल सड़कों के निर्माण पर लगभग 6.52 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त चंडावल नगर से बोयल, धंधेड़ी से रामासनी बाला तथा राष्ट्रीय राजमार्ग-162 से सादो की प्याऊ होते हुए एनएच-458 तक मिसिंग लिंक सड़क के निर्माण पर लगभग 5.60 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इन मार्गों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों की वर्षों पुरानी आवागमन संबंधी समस्याओं का समाधान होगा तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
विधायक श्रीमती चौहान ने कहा कि क्षेत्र की अन्य आवश्यक सड़कों के निर्माण के लिए भी प्राथमिकता के आधार पर आगामी समय में स्वीकृतियां दिलाने का प्रयास जारी रहेगा, ताकि विधानसभा क्षेत्र में सड़क नेटवर्क को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके। सड़क निर्माण कार्यों की स्वीकृति पर ग्रामीणों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विधायक का आभार जताया और इसे क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।









