सोजत के केवल अपरोक्ष आश्रम में स्वामी केवलानंदजी महाराज का द्वितीय वर्षी महोत्सव आज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सोजत के केवल अपरोक्ष आश्रम में स्वामी केवलानंदजी महाराज का द्वितीय वर्षी महोत्सव आज

सोजत। स्थानीय मेला चौक स्थित श्री केवल अपरोक्ष आश्रम आचार्य पीठ में ब्रह्मलीन महामण्डलेश्वर ब्रह्मनिष्ठ श्रोत्रिय श्री 1008 अनन्त श्री विभूषित स्वामी श्री केवलानंदजी महाराज की द्वितीय वार्षिक वर्षी का आयोजन 7 अगस्त (शुक्रवार) को श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक वातावरण के बीच भव्य रूप से किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन षड् दर्शन साधु समाज अखिल भारतीय सनातन धर्म रक्षा समिति के प्रदेशाध्यक्ष आचार्य डॉ ओम महाराज के नेतृत्व में होगा।

आश्रम से प्राप्त जानकारी के अनुसार संवत 2083, श्रावण वदी 10 के पावन अवसर पर आयोजित इस धार्मिक समारोह में सोजत सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में संत-महात्मा, धर्मप्रेमी एवं श्रद्धालु भाग लेंगे। आयोजन को लेकर आश्रम परिसर में व्यापक तैयारियाँ की जा रही हैं तथा श्रद्धालुओं में उत्साह का वातावरण बना हुआ है।

कार्यक्रम की शुरुआत सायं 6:15 बजे महाप्रसादी के साथ होगी। इसके पश्चात सायं 7:15 बजे संतों का बधावणा होगा। इसके बाद रात्रि 9:15 बजे सत्संग का आयोजन होगा, जिसमें भजन, प्रवचन एवं आध्यात्मिक चिंतन के माध्यम से श्रद्धालु धर्मलाभ प्राप्त करेंगे। उपस्थित संतजन धर्म, अध्यात्म, मानव जीवन के आदर्शों एवं सनातन संस्कृति के संरक्षण पर अपने प्रेरक विचार व्यक्त करेंगे।

आयोजन की व्यवस्थाओं में स्वामी श्री पूर्णानंद महाराज का विशेष सहयोग रहेगा। कार्यक्रम में पंच दशनाम आवाहन अखाड़ा, वाराणसी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं षड दर्शन साधु समाज अखिल भारतीय सनातन धर्म रक्षा समिति के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महंत चेतनानंदगिरिजी महाराज तथा रणजीत आश्रम, बालोतरा के महामण्डलेश्वर श्री 1008 स्वामी अमृतरामजी महाराज की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।

आयोजकों ने क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से समय पर उपस्थित होकर संतों के दर्शन, सत्संग एवं महाप्रसादी का लाभ लेने तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में सहभागी बनने का आग्रह किया है। धार्मिक आयोजन के माध्यम से सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और संत परंपरा के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का भी उद्देश्य रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *