सोजत में एबीवीपी आंदोलन के दूसरे दिन दिखा विरोध का अनोखा तरीका
प्रशासन की सद्बुद्धि हेतु विद्यार्थियों ने छत से गिरे प्लास्टर की की पूजा अर्चना

सोजत। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन के दूसरे दिन विद्यार्थियों का विरोध अनोखा तरीका देखने को मिला। आई माता कन्या महाविद्यालय की जर्जर भवन व्यवस्था के विरोध में परिषद कार्यकर्ताओं ने महाविद्यालय की छत से गिरे प्लास्टर को धरना स्थल पर लाकर उसे पुष्पमाला पहनाई तथा हनुमान चालीसा के पाठ के साथ उसकी प्रतीकात्मक आरती की।
इस अवसर पर महाविद्यालय इकाई अध्यक्ष राहुल राजपुरोहित ने कहा कि इस प्लास्टर की आरती इसलिए की है क्योंकि प्रशासन चाहता है कि कोई इसके नीचे दबकर मरे, लेकिन यह उस समय नहीं गिरा जब उसके नीचे विद्यार्थी मौजूद थे, अभी और गिरेगा ये तो तय है लेकिन उस समय नहीं गिरे जब इसके नीचे कोई विद्यार्थी मौजूद रहे, ऐसी मन्नत प्लास्टर से मांगते हुए उसकी आरती उतारी है। यह प्रशासन एवं संबंधित विभागों की गंभीर लापरवाही को उजागर करती है।
विभाग संगठन मंत्री मुकेश यादव ने बताया कि हम सुनते थे कि एक समय था जब मुग़लों के भय से हमारी बहने नहीं पढ़ पायी क्योंकि वो बाहर से अपहरण कर लेते थे और आज इस लिए नहीं पढ़ पा रही कि आई माता महाविद्यालय में रोज प्लास्टर गिर रहा है, पूरे भवन में दरारें आ रखी है वो कभी भी गिर सकता है, मूलभूत सुविधाएं नहीं है। पीजी महाविद्यालय में विज्ञान संकाय में पीजी यहां है नहीं और दूर के शहर में वो जा नहीं सकती।
विभाग संयोजक अभिषेक मेवाड़ा ने बताया कि पीएम उषा कोष से स्वीकृत राशि से परिसर भवन का निर्माण शीघ्र शुरू किया जाए, साथ ही विद्यार्थी महाविद्यालय में बैठने नहीं आते उनको पढ़ाने के लिए स्टाफ की पर्याप्तता नहीं है अतः शीघ्र ही पर्याप्त स्टाफ की योजना की जाए।
साथ ही हनुमान चालीसा का पाठ कर भगवान से प्रार्थना की कि संबंधित अधिकारियों और प्रशासन को सद्बुद्धि प्रदान करें, ताकि वे शीघ्र छात्रहितों से जुड़ी सभी मांगों को पूरा करें तथा छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाएं। धरना-प्रदर्शन में महाविद्यालय के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर छात्रहितों के समर्थन में अपना आक्रोश व्यक्त किया।









