बैरेश्वरनाथ महादेव का पाटोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न

सोजत। श्रीमाली ब्राह्मण समाज द्वारा मंडोर के समीप बेरी गंगा स्थित प्राचीन बैरेश्वरनाथ महादेव मंदिर का पाटोत्सव श्रद्धा, आस्था और धार्मिक उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजबंधुओं एवं श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान शिव का पूजन-अर्चन किया तथा प्रदेश में सुख-समृद्धि और उत्तम वर्षा की कामना की।
समाज के अध्यक्ष महेन्द्र बोहरा एवं मंत्री नरेंद्र राज़ बोहरा ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ मंदिर शिखर पर विधिवत ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके पश्चात वेदपाठी ब्राह्मणों द्वारा भगवान बैरेश्वरनाथ महादेव का केसरयुक्त दुग्धाभिषेक कर मारवाड़ में अच्छी वर्षा, विश्व कल्याण तथा जन-जन के सुख-समृद्ध जीवन की मंगलकामना की गई।
दोपहर में विजया प्रसादी का आयोजन हुआ, जिसमें शहर की प्रसिद्ध भजन मंडलियों ने मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। सायंकाल भगवान का ऋतु पुष्पों से मनोहारी श्रृंगार किया गया तथा महाआरती में श्रद्धालुओं ने भाव-विभोर होकर सहभागिता निभाई। रात्रि में प्रसादी वितरण के दौरान श्रद्धालुओं का देर रात तक तांता लगा रहा।
पाटोत्सव में समाज के कार्यकारी अध्यक्ष माधव जोशी, ओमप्रकाश बोहरा, प्रदीप कुमार बहुरा, नरेंद्र त्रिवेदी, उमेश जोशी, आकाश ओझा, योगेश्वर त्रिवेदी, पराग दवे, दिनेश दवे, अभिषेक त्रिवेदी, सुरेन्द्र कुमार दवे, रवि कुमार दवे, भानुप्रताप बोहरा, सतीश ओझा, सरला ओझा सहित सैकड़ों समाजबंधु एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम की जानकारी श्रीमाली ब्राह्मण समाज, सोजत के प्रमुख समाजसेवी चेतन व्यास ने दी।








