सोजत में शहरी सेवा शिविर के फॉलो-अप शिविर का उपखंड अधिकारी ने किया निरीक्षण
लाभार्थियों को वितरित किए पट्टे, 31 अगस्त तक जारी रहेंगे शिविर

सोजत।
राज्य सरकार के शहरी सेवा शिविर–2026 के अंतर्गत स्थानीय नगरपालिका में मंगलवार से प्रारंभ हुए फॉलो-अप शिविर का उपखंड अधिकारी रवि प्रकाश ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने शिविर में पहुंचे नागरिकों से संवाद कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान पात्र लाभार्थियों को पट्टों का वितरण भी किया गया। उपखंड अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन के कार्य निर्धारित समय में पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ संपादित किए जाएं, ताकि शिविरों का उद्देश्य पूर्ण रूप से सफल हो सके।
नगरपालिका प्रशासक राघव मीणा ने शिविर की व्यवस्थाओं एवं विभिन्न कार्यों का अवलोकन करवाते हुए बताया कि शहरी सेवा शिविर-2026 के तहत फॉलो-अप शिविरों का आयोजन नगरपालिका सोजत सिटी एवं सोजत रोड में मंगलवार से 31 अगस्त तक किया जाएगा। इन शिविरों में विभिन्न लंबित प्रकरणों का निस्तारण कर आमजन को राहत प्रदान की जाएगी।








