टी.सी. लेने की चेतावनी के बाद मचा हड़कंप, अधिकारियों के आश्वासन पर समाप्त हुआ आंदोलन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शिक्षकों की कमी पर छात्रों का फूटा आक्रोश, पढ़ाई का बहिष्कार

टी.सी. लेने की चेतावनी के बाद मचा हड़कंप, अधिकारियों के आश्वासन पर समाप्त हुआ आंदोलन

सोजत। समीपवर्ती ग्राम पंचायत झूपेलाव के अधीन पांचवा कला स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में लंबे समय से व्याप्त शिक्षकों की कमी के विरोध में मंगलवार को विद्यार्थियों का आक्रोश फूट पड़ा। छात्रों ने कक्षाओं का बहिष्कार कर विद्यालय प्रशासन के समक्ष पर्याप्त शिक्षकों की शीघ्र नियुक्ति की मांग उठाई। विद्यार्थियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग पर तत्काल कार्रवाई नहीं हुई तो वे सामूहिक रूप से स्थानांतरण प्रमाण-पत्र (टी.सी.) लेकर अन्य विद्यालयों में प्रवेश लेने के लिए विवश होंगे।

विद्यार्थियों के समर्थन में बड़ी संख्या में अभिभावक भी विद्यालय पहुंचे और सभी ने मिलकर विद्यालय परिसर के बाहर जोरदार प्रदर्शन करते हुए शिक्षा विभाग के विरुद्ध नाराजगी व्यक्त की। स्थिति गंभीर होती देख मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी राहुल राजपुरोहित तथा मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी दलपत सिंह सांखला तत्काल मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा तत्काल तीन शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति किए जाने की घोषणा की।

अधिकारियों के आश्वासन के बाद विद्यार्थियों ने अपना आंदोलन समाप्त कर पुनः अध्ययन कार्य प्रारंभ करने पर सहमति जताई। इस दौरान कार्यवाहक पीईईओ पदम सिंह चारण भी उपस्थित रहे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस जाब्ता भी मौके पर तैनात रहा।

ग्रामीणों एवं अभिभावकों ने शिक्षा विभाग से विद्यालय में स्थायी रूप से पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति करने की मांग करते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रत्येक विद्यार्थी का अधिकार है और शिक्षकों की कमी के कारण बच्चों के भविष्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें