
सोजत।
उपखंड में आमजन को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उपखंड अधिकारी रवि प्रकाश ने जलदाय विभाग के अधिशासी अभियंता मोनू कुमार मीणा के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों की जलापूर्ति व्यवस्था, जल जीवन मिशन (जेजेएम) सहित विभिन्न पेयजल परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक दिशा-निर्देश दिए गए।
इसके उपरांत उपखंड अधिकारी ने सोजत सिटी स्थित फिल्टर प्लांट तथा रामेलाव तालाब का निरीक्षण कर पेयजल की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जल संरक्षण को बढ़ावा देने तथा रामेलाव तालाब के प्रभावी उपयोग की संभावनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। उपखंड अधिकारी ने जल संसाधनों के समुचित प्रबंधन एवं आमजन को नियमित पेयजल उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया। इस मौके जलदाय विभाग के अन्य अधिकारी व कार्मिक भी मौजूद थे।









