
सोजत सिटी/जाड़न। संस्कृत शिक्षा विभाग, राजस्थान सरकार द्वारा राज्यभर की उत्कृष्ट संस्कृत प्रतिभाओं को सम्मानित करने के उद्देश्य से आगामी 7 अगस्त को राज्य स्तरीय ‘संस्कृत विद्वत् समारोह’ का आयोजन राजधानी जयपुर में किया जा रहा है। यह समारोह राज्य के शिक्षा मंत्री श्री मदन दिलावर की अध्यक्षता में आयोजित होगा, जिसमें राज्य भर से चयनित 21 विशिष्ट संस्कृत विद्वानों को सम्मानित किया जाएगा।
इस गौरवशाली सूची में ओम विश्वदीप गुरुकुल आश्रम, जाडन (जिला पाली) के प्रख्यात आचार्य स्वामी राजेन्द्र पुरी महाराज का नाम भी शामिल किया गया है। यह सम्मान उन्हें संस्कृत शिक्षा के क्षेत्र में किए गए नवाचार, शोध कार्य और उच्च शिक्षा के प्रचार-प्रसार में दिए गए योगदान के लिए प्रदान किया जा रहा है।
स्वामी राजेन्द्र पुरी महाराज ने संस्कृत को जन-सामान्य तक पहुँचाने हेतु जो प्रयास किए हैं, वे अत्यंत सराहनीय हैं। उनके द्वारा गुरुकुल पद्धति को आधुनिक तकनीकी संसाधनों से जोड़ते हुए विद्यार्थियों को संस्कृत के साथ-साथ जीवन मूल्य और व्यवहारिक ज्ञान देने का कार्य किया जा रहा है।
उनके चयन पर पाली जिले सहित प्रदेशभर के संस्कृत शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं विद्वानों में हर्ष का वातावरण है। संस्कृत विद्वान पंडितों, आचार्यों और शिक्षाविदों ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए इसे पाली जिले के लिए एक गर्व का क्षण बताया है।
यह सम्मान न केवल स्वामी राजेन्द्र पुरी महाराज की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि यह पूरे पाली जिले और संस्कृत शिक्षा जगत के लिए प्रेरणादायी भी है।










