सोजत।पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने और पत्रकारों की लंबित मांगों के समाधान को लेकर बुधवार, 28 अक्टूबर को जयपुर के शहीद स्मारक पर इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (IFWJ) का प्रदेशस्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। संगठन के 77वें स्थापना दिवस पर प्रदेशाध्यक्ष उपेन्द्र सिंह राठौड़ के नेतृत्व में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम ज्ञापन राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी को सौंपा गया।
कार्यक्रम में पाली जिलाध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार अरुण जोशी के नेतृत्व में जिले के पत्रकारों ने भाग लिया। सोजत से वरिष्ठ पत्रकार लक्ष्मीनारायण माली, हरीश गहलोत और उपखंड महासचिव नवनीत राय ‘रुचिर’ सहित विभिन्न क्षेत्रों के पत्रकारों ने सहभागिता निभाई। कार्यक्रम की शुरुआत दिवंगत पत्रकारों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई।
ज्ञापन के माध्यम से पत्रकारों की सुरक्षा, रोजगार, आजीविका और सामाजिक संरक्षण सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई। प्रदेशाध्यक्ष उपेन्द्र सिंह राठौड़ ने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकार जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं, इसलिए उन्हें निर्भीक होकर कार्य करने के लिए प्रभावी पत्रकार सुरक्षा कानून का संरक्षण मिलना आवश्यक है।

संगठन ने प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के साथ स्वतंत्र, फ्रीलांस तथा क्षेत्रीय भाषाओं के पत्रकारों को भी समान सुरक्षा देने की मांग की। इसके अलावा पत्रकारों के वेतन, सेवा शर्तों एवं रोजगार सुरक्षा के लिए वैधानिक व्यवस्था और पारदर्शी राष्ट्रीय पत्रकार रजिस्टर बनाने का मुद्दा भी उठाया गया।
ज्ञापन में पत्रकारों के साथ कथित हिंसा, उत्पीड़न, उपकरणों की जब्ती और हिरासत में लिए जाने जैसी घटनाओं पर चिंता जताई गई। पत्रकार ऋचा पाराशर के साथ कथित दुर्व्यवहार की निष्पक्ष जांच कराने तथा संबंधित साक्ष्यों को सुरक्षित रखने की मांग भी की गई।
इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों ने पत्रकारों के अधिकारों, सम्मान और सुरक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।








