28 जनवरी से राजस्थान विधानसभा का बजट सत्र शुरू होगा और सत्र की शुरुआत राज्यपाल के अभिभाषण से होगी। पहले दिन अभिभाषण के बाद दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि दी जाएगी और जिसके बाद सदन की कार्यवाही स्थगित होगी। कार्य सलाहकार समिति की बैठक होगी, जिसमें पूरे सत्र के दौरान होने वाले कामकाज का विस्तृत कार्यक्रम तय किया जाएगा।
इस बार सत्र 2 चरणों में होगा और पहला चरण 28 जनवरी से शुरू होकर लगभग 28 फरवरी तक चलेगा। जिसमें करीब 20 बैठकें होने की बात कही जा रही है। राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा होने के बाद सरकार अपना जवाब देगी। सरकार के जवाब के बाद लगभग एक सप्ताह का अवकाश प्रस्तावित किया है। इसके बाद बजट 11 फरवरी को सदन में पेश किया जाएगा।
बजट सत्र के दौरान डिस्टर्ब एरिया एक्ट, पंचायतीराज और शहरी निकाय चुनावों से जुड़े विधेयक पेश किए जाएंगे। सरकार 2 बच्चों की बाध्यता हटाने के लिए पंचायतीराज कानून और नगरपालिका कानून में संशोधन के बिल सदन में पेश कर सकती है। इन विधेयकों का प्रारूप तैयार है, इसके अलावा अन्य विधेयक भी सत्र के दौरान पेश किए जाने की संभावना है। विपक्ष ने सरकार को घेरने की पूरी तैयारी में है।
सदन की कार्यवाही को शांतिपूर्ण और मर्यादित बनाए रखने के उद्देश्य से विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने सर्वदलीय बैठक बुलाई है. बैठक में सभी राजनीतिक दलों के नेताओं को आमंत्रित किया है। उम्मीद है कि विधानसभा अध्यक्ष सभी दलों से सहयोग की अपील करेंगे, जिससे सदन अच्छे से चल सकें।
देवनानी के अनुसार, सर्वदलीय बैठक में मुख्यमंत्री, नेता प्रतिपक्ष जूली, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, सरकारी मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग, प्रतिपक्ष के मुख्य सचेतक रफीक खान, विधायक डॉ. सुभाष गर्ग, मनोज कुमार भाग लेंगे। बजट सत्र से पहले आज शाम मुख्यमंत्री आवास पर बीजेपी विधायक दल की बैठक होगी है। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में बजट सत्र के दौरान सरकार की रणनीति, प्रमुख मुद्दे और विपक्ष के संभावित सवालों का जवाब देने को लेकर चर्चा होगी।










