सोजत रोड। सोजत रोड में वरिष्ठ नागरिक समिति के आयोजन में नगर के गणेश मंदिर में रामचरितमानस नवाह्न पाठ के तीसरे दिन जनकपुरी में दशरथ के सुकुमारों की बारात लेकर पहुंचने का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। इस अवसर पर सनातन संस्कृति की पारंपरिक विवाह विधियों के साथ राम-सीता विवाह का मनोहारी वाचन हुआ।
राधा रानी महिला मंडल की रेणु शर्मा, शकुन्तला जांगला, सुमित्रा शर्मा और दीपा व्यास ने मांगलिक विवाह गीतों की प्रस्तुति देकर माहौल को और रंगीन बना दिया। ढोलक पर प्रिंस की संगत ने कार्यक्रम को जीवंत और उत्साहपूर्ण बना दिया।
आचार्य गोपाल शास्त्री और पं. चंद्रप्रकाश शर्मा ने वरिष्ठजन संरक्षक हिम्मतराज शर्मा के साथ विवाह विधि पूजा का
विधान सम्पन्न कराया। शिक्षाविद हिम्मतराज शर्मा ने सीता-राम विवाह विधि को आदर्श मानते हुए कहा कि वर्तमान समय में सनातन समाज को आडम्बर छोड़कर इसे अपनाना चाहिए।
कार्यक्रम में वरिष्ठजन दाऊदयाल व्यास, मघराज चौधरी, अशोक जांगला और महिला मंडल की निशा शर्मा, सरिता शर्मा, चम्पा जांगिड़ सहित कई श्रद्धालु उपस्थित रहे। अंत में पं. चंद्रप्रकाश शर्मा ने राम आरती कर कार्यक्रम का समापन किया।










