जोधपुर। जोधपुर विकास प्राधिकरण की सरकार के लिए राजस्व का बड़ा स्रोत मानी जाने वाली आवासीय योजना विवेक विहार में पिछले 14 वर्षों से लंबित सड़क निर्माण की समस्या को लेकर क्षेत्रवासियों का प्रतिनिधिमंडल जोगाराम पटेल, संसदीय कार्य एवं कानून मंत्री तथा स्थानीय विधायक, से मिला और सड़क निर्माण की मांग रखी।
समग्र विवेक विहार विकास समिति एवं सांगरिया गांव के प्रतिनिधिमंडल ने सर्किट हाउस में मंत्री जोगाराम पटेल से मुलाकात कर विवेक विहार योजना में सड़क निर्माण की आवश्यकता से अवगत कराया। क्षेत्रवासियों ने बताया कि 15 सेक्टरों में बसाई गई विवेक विहार योजना को शहर से जोड़ने वाली 160 फीट चौड़ी मुख्य सड़क का निर्माण अब तक नहीं हो पाया है, जिससे सांगरिया ग्रामवासियों एवं विवेक विहार निवासियों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि समस्या के समाधान हेतु अब तक दर्जनों बार जेडीए की एकल खिड़की पर आवेदन, सैकड़ों बार संपर्क पोर्टल पर शिकायतें, तथा जेडीए आयुक्त, उपायुक्त, तहसीलदार एवं पटवारी से कई बार मुलाकात की जा चुकी है। इसके अतिरिक्त स्थानीय निवासी पूर्व में कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल एवं गजेंद्र सिंह शेखावत, केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री, से भी मिल चुके हैं। जिला कलेक्टर की मासिक जनसुनवाई में भी अपनी पीड़ा व्यक्त की गई, किंतु पूर्व में किन्हीं तकनीकी कारणों से समस्या का समाधान नहीं हो पाया।
मुलाकात के दौरान कानून मंत्री एवं स्थानीय विधायक जोगाराम पटेल ने क्षेत्रवासियों की बातों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देकर समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान स्थानीय विधायक प्रतिनिधि अधिवक्ता अशोक पटेल का भी क्षेत्रवासियों को सहयोग प्राप्त हुआ।
प्रतिनिधिमंडल में समग्र विवेक विहार विकास समिति के पदाधिकारी, सदस्यगण, स्थानीय निवासी, विवेक विहार योजना के अवार्डधारियों के प्रतिनिधि दिनेश तांडी, सांगरिया सरपंच तेजाराम बर्रा सहित सांगरिया गांव एवं विवेक विहार के अनेक नागरिक उपस्थित रहे।

निवेदक :-
रमेश पटेल
समग्र विवेक विहार विकास समिति










