ट्विन अल्पिनिस्ट तपन-तरुण देव सिंह ने लद्दाख की तीन चोटियाँ फतह कीं, अब माउंट एवरेस्ट 2025 की तैयारी
जोधपुर/ लद्दाख। जोधपुर शहर के जुड़वां भाई और “ट्विन अल्पिनिस्ट” के नाम से देशभर में पहचान बना चुके तपन देव सिंह और तरुण देव सिंह ने एक बार फिर अपनी साहसिक उपलब्धि से पर्वतारोहण जगत में नई पहचान बनाकर जोधपुर का नाम रोशन किया है।
इस वर्ष उन्होंने लद्दाख में स्थित स्तार्त्सपुक त्सो झील और पोलोगोंका ला पास के निकट की तीन पर्वत चोटियों — पॉइंट 6012 मीटर, पॉइंट 6205 मीटर और पॉइंट 6060 मीटर — को सफलतापूर्वक फतह करने में सफलता हासिल की है।
15 अगस्त, आज़ादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर, ट्विनअल्पिनिस्ट ने पॉइंट 6012 पर चढ़ाई शुरू की। इस दौरान करीब 5900 मीटर की ऊँचाई पर अचानक मौसम बिगड़ गया, घना कोहरा और बर्फबारी ने रास्ता कठिन बना दिया। इसके बावजूद भी इन्होंने सात घंटे की कठिन चढ़ाई के बाद शिखर पर तिरंगा लहराया।
इसके बाद 19 अगस्त को उन्होंने अभियान आगे बढ़ाते हुए चोमो-चौंकर झील क्षेत्र से चढ़ाई शुरू की और लगातार 8 घंटे की चढ़ाई के बाद पॉइंट 6205 पर सफलता पाई। केवल दो घंटे बाद उन्होंने पॉइंट 6060 पर भी विजय प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने कुल 15 घंटे 30 मिनट का ट्रेकिंग समय तय किया और अंततः बेस कैंप लौटे।
यह अभियान अल्पाइन शैली में अक्टूबर तक जारी रहने वाला था, लेकिन उत्तर भारत में लगातार बिगड़ते मौसम और लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में सभी पर्वतारोहण अभियानों पर सरकारी रोक के चलते उन्हें बीच में ही अभियान स्थगित करना पड़ा।
अब ट्विनअल्पिनिस्ट अपनी अगली बड़ी चुनौती — माउंट एवरेस्ट अभियान – 2025 की तैयारी में जुटे हैं और इसके लिए प्रायोजकों (Sponsors) की तलाश कर रहे हैं।











