विधायक व पूर्व मंत्री की समझाइश से एबीवीपी का अनिश्चितकालीन धरना तीसरे दिन हुआ समाप्त

कुछ मांगों के शीघ्र क्रियान्वयन व शेष पर सकारात्मक आश्वासन के बाद विद्यार्थियों ने जूस पीकर तोड़ा धरना

सोजत। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सोजत के समग्र विकास एवं छात्रहित से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) द्वारा चलाया जा रहा अनिश्चितकालीन धरना शुक्रवार को तीसरे दिन विधायक श्रीमती शोभा चौहान एवं पूर्व मंत्री लक्ष्मीनारायण दवे की पहल और समझाइश के बाद समाप्त हो गया।
धरना स्थल पर विधायक श्रीमती शोभा चौहान ने विद्यार्थियों एवं एबीवीपी पदाधिकारियों से विस्तृत चर्चा कर उनकी मांगों को गंभीरता से सुना। उन्होंने महाविद्यालय की कुछ प्रमुख मांगों में अपूर्ण बाउंड्री वाल निर्माण हेतु 10 लाख की स्वीकृति जारी की। आई माता कन्या महाविद्यालय के जर्जर भवन को अस्थाई तौर पर अन्यत्र शिफ्ट करने, तथा कॉलेज एकेडमिक समस्याओं व जर्जर कमरों के रिपेयरिंग हेतु प्रधानाचार्य को उच्चाधिकारियों से समन्वय कर क्रियान्विति का आदेश दिया तथा शेष मांगों के संबंध में भी सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। पूर्व मंत्री लक्ष्मीनारायण दवे ने भी विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उनके आंदोलन की भावना की सराहना की तथा लोकतांत्रिक तरीके से समाधान निकालने की बात कही।

जनप्रतिनिधियों के आश्वासन के बाद एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की। इस अवसर पर विधायक श्रीमती शोभा चौहान ने विद्यार्थियों को जूस पिलाकर धरना समाप्त करवाया। धरना समाप्ति के दौरान तहसीलदार कूपसिंह पंवार, पुलिस उपाधीक्षक रतनाराम देवासी, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. महेन्द्र सिंह राजपुरोहित सहित शहर के अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं एबीवीपी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
जनप्रतिनिधियों से वार्ता में एबीवीपी के हितेश सोलंकी (भाग संयोजक), हितेश राठौड़ (जिला संयोजक), अभिषेक मेवाड़ा (विभाग संयोजक), मुकेश यादव (विभाग संगठन मंत्री), राहुल राजपुरोहित (नगर मंत्री), सानिया खान (नगर सह मंत्री), भाविनी टाक, कुमकुम वैष्णव, कौशल्या, राहुल वैष्णव, युवराज राठौड़, जगदीश परिहार, तनिश गहलोत, पीयूष पंवार, आनंदपाल सिंह आदि कार्यकर्ताओं ने भागीदारी निभाई।









