जर्जर विद्यालय भवनों के सर्वे का कार्य प्रारंभ,
उपखंड अधिकारी रवि प्रकाश ने किया निरीक्षण
सोजत।
जिला कलेक्टर डॉ. रवींद्र गोस्वामी के निर्देशों की अनुपालना में सोजत उपखंड क्षेत्र के समस्त राजकीय विद्यालयों में जर्जर, मरम्मत योग्य एवं जीर्ण-शीर्ण भवनों की स्थिति का व्यापक सर्वेक्षण प्रारंभ कर दिया गया है। इसके लिए उपखंड अधिकारी रवि प्रकाश के नेतृत्व में गठित टीमों ने गुरुवार से विद्यालयों का निरीक्षण शुरू कर विस्तृत जानकारी एकत्रित करनी आरंभ कर दी।
उपखंड अधिकारी रवि प्रकाश ने स्थानीय पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण कर जर्जर कक्षा-कक्षों की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान भवनों की सुरक्षा, मरम्मत की आवश्यकता तथा विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक बिंदुओं का परीक्षण किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य स्वरूप सिंह उदावत, नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी राघव मीणा एवं संबंधित तकनीकी कार्मिक उपस्थित रहे।
इसके उपरांत अधिकारियों ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1, कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय तथा राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, निम्बली नाड़ी का भी निरीक्षण कर भवनों की वास्तविक स्थिति का आकलन किया और आवश्यक तथ्यों के आधार पर विस्तृत प्रतिवेदन तैयार किया।
उपखंड प्रशासन के अनुसार आगामी तीन दिनों में गठित सभी टीम सोजत उपखंड के शेष राजकीय विद्यालयों का निरीक्षण पूर्ण करेंगी। इसके पश्चात समस्त विद्यालयों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर आवश्यक कार्रवाई एवं आगामी निर्णय हेतु जिला कलेक्टर को प्रेषित की जाएगी, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए जर्जर भवनों के संबंध में समयबद्ध कार्रवाई की जा सके।









