सोजत में 80.25 प्रतिशत मतदान, ईवीएम में कैद हुआ 132 प्रत्याशियों का भाग्य

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सोजत में 80.25 प्रतिशत मतदान, ईवीएम में कैद हुआ 132 प्रत्याशियों का भाग्य

लोकतंत्र के उत्सव में बुजुर्गों, दिव्यांगों और युवा मतदाताओं ने उत्साह से निभाई भागीदारी

रिपोर्टर – नवनीत राय ‘रुचिर’, सोजत

 

सोजत। नगरपालिका आम चुनाव-2026 के तहत बुधवार को सोजत सिटी के सभी 40 वार्डों में उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच मतदान संपन्न हुआ। सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक शहर के 41 मतदान केंद्रों पर कुल 80.25 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। मतदान समाप्त होने के साथ ही चुनाव मैदान में उतरे 132 प्रत्याशियों का राजनीतिक भाग्य ईवीएम में कैद हो गया।

सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की आवाजाही शुरू हो गई थी। दिन चढ़ने के साथ मतदान ने गति पकड़ी और कई केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें नजर आईं। शहर में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हुई। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन, पुलिस और निर्वाचन विभाग से जुड़े अधिकारी लगातार मतदान केंद्रों का निरीक्षण करते रहे। सूत्रों के अनुसार, शहर के एक – दो मतदान केंद्र पर सामान्य गहमागहमी की स्थिति बनी, लेकिन प्रशासनिक सतर्कता से मामला शीघ्र शांत हो गया।

लोकतंत्र के इस महापर्व में बुजुर्ग मतदाताओं ने भी पूरे उत्साह के साथ भागीदारी निभाई। 107 वर्षीय श्रीमती सेणी देवी परिहार ने मतदान कर नागरिक कर्तव्य के प्रति अपनी सजगता का परिचय देते हुए नई पीढ़ी को प्रेरक संदेश दिया। वहीं, दिव्यांग मतदाताओं ने सहायकों के सहयोग से अपने मताधिकार का उपयोग किया। पहली बार मतदान करने पहुंचे युवाओं के चेहरों पर विशेष उत्साह और गर्व दिखाई दिया।

वार्ड संख्या 24 के लिए पुलिस चौकी के पीछे स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय संख्या-4 में सर्वाधिक 1507 मतदाता पंजीकृत होने के कारण रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड मजिस्ट्रेट रवि प्रकाश ने पूर्व में ही यहां एक सहायक मतदान केंद्र स्थापित करवा दिया था। इससे मतदाताओं के साथ पीठासीन अधिकारियों को भी मतदान संचालन में सुविधा रही। वार्ड संख्या 24 में 74.05 प्रतिशत मतदान हुआ।

इसी प्रकार वार्ड संख्या 16 का मतदान केंद्र बिलाड़िया गेट के बाहर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के कमरा संख्या-3 में बनाया गया था। यहां शहर में सबसे कम 365 मतदाता पंजीकृत होने से मतदान प्रक्रिया अपेक्षाकृत सहज और धीमी गति से चली। वार्ड संख्या 16 में 81.37 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान संपन्न होने के बाद अब प्रत्याशियों और समर्थकों की निगाहें मतगणना एवं चुनाव परिणाम पर टिक गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *