भारत विकास परिषद ने तीन विद्यालयों में मनाया ‘गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन’ कार्यक्रम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भारत विकास परिषद ने तीन विद्यालयों में मनाया ‘गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन’ कार्यक्रम

सोजत। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर भारत विकास परिषद, शाखा सोजत द्वारा तीन विद्यालयों में ‘गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन’ कार्यक्रम का आयोजन कर गुरु-शिष्य परंपरा का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों, संस्कारों तथा नशामुक्त जीवन का संदेश दिया गया।

शाखा के संस्कार संयोजक ई. राजनारायण हर्ष ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि संस्कार व्यक्ति के व्यक्तित्व का आधार होते हैं। संस्कार ही जीवन को सही दिशा प्रदान करते हैं तथा चरित्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सेवा संयोजक प्रकाश सोनी ने कहा कि बचपन में लगने वाली नशे की बुरी आदत आगे चलकर गंभीर लत का रूप ले लेती है, जिससे मुक्ति पाना अत्यंत कठिन हो जाता है। इसलिए प्रत्येक विद्यार्थी को नशे से सदैव दूर रहना चाहिए।

विजय आदर्श विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में 225 विद्यार्थियों एवं 14 गुरुजनों की उपस्थिति रही। इस अवसर पर विद्यालय के 18 मेधावी विद्यार्थियों तथा 14 गुरुजनों का सम्मान किया गया। मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित प्रांतीय मीडिया संयोजक डॉ. रामस्वरूप भटनागर ने गुरु-शिष्य परंपरा की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए परिषद द्वारा संचालित ‘गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन’ अभियान की विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम का शुभारंभ ‘वंदे मातरम्’ तथा समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

इसी प्रकार राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1 एवं नैनावतों की ढाणी प्राथमिक विद्यालय के विद्यार्थियों की संयुक्त उपस्थिति में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें 140 विद्यार्थियों एवं 12 गुरुजनों ने सहभागिता निभाई। विद्यालय की प्राचार्य वीणा यादव ने परिषद का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों एवं श्रेष्ठ संस्कारों का विकास करने की दिशा में भारत विकास परिषद का यह अभियान अत्यंत प्रेरणादायी है। कार्यक्रम का संचालन प्रांतीय संस्कार संयोजक रामकिशोर राठौड़ ने करते हुए कार्यक्रम की महत्ता पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर ई. राजनारायण हर्ष, डॉ. रामस्वरूप भटनागर तथा प्रकाश सोनी ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

लोटस पब्लिक अपर प्राइमरी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में 183 विद्यार्थियों एवं 14 शिक्षकों की उपस्थिति रही। यहां विद्यालय के 14 विद्यार्थियों तथा 14 शिक्षकों का सम्मान किया गया। संस्था निदेशक शशांक टांक ने परिषद पदाधिकारियों एवं अतिथियों का स्वागत किया।

कार्यक्रम में स्नेहलता लड्ढा, ओमप्रकाश मोहिल, महेंद्र माथुर, करणसिंह मोयल, अंकुर बलाई, परेश लोढ़ा, सत्तूसिंह भाटी, कवि-शायर अब्दुल समद राही, डॉ. रशीद अहमद गौरी, दिनेश सोलंकी सहित अनेक गणमान्य नागरिक, अभिभावक एवं परिषद सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम ने गुरु-शिष्य परंपरा के प्रति सम्मान तथा विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों के संवर्धन का प्रभावी संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें