ग्रामीण सेवा शिविरों से आमजन को मिले त्वरित एवं पारदर्शी सेवाओं का लाभ – रवि प्रकाश
सोजत।
राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पहुँचाने के उद्देश्य से संचालित ग्रामीण सेवा शिविरों की श्रृंखला के अंतर्गत बुधवार को उपखंड अधिकारी रवि प्रकाश ने ग्राम चाड़वास में आयोजित शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का विस्तृत अवलोकन किया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित गतिविधियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं कार्मिकों को जनसेवा की भावना के साथ समर्पित होकर कार्य करने तथा प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी ने राजस्व विभाग के बंटवारा संबंधी प्रकरणों के निस्तारण, मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के अंतर्गत पॉलिसियों के वितरण, पट्टा वितरण सहित अन्य जनहितकारी कार्यों की प्रगति का गहनता से अवलोकन किया। उन्होंने विभागवार किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए तथा लंबित प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने पर बल दिया।
इस अवसर पर उपखंड अधिकारी ने विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र एवं स्वीकृति दस्तावेज वितरित किए। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर शासन और आमजन के बीच सशक्त सेतु का कार्य करते हैं, जहाँ नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएँ एवं योजनाओं का लाभ सहजता से उपलब्ध कराया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार डॉ. दिलीप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों द्वारा संचालित कार्यों की जानकारी देते हुए शिविर में प्राप्त आवेदनों एवं उनके निराकरण की प्रगति से उपखंड अधिकारी को अवगत कराया।









