सोजत बुढ़ायत माता मंदिर में श्रद्धा और आस्था के साथ संपन्न हुआ श्रीमाली ब्राह्मण समाज का महाकुंभ पाटोत्सव
जहां भक्ति है, वहीं शक्ति है – लक्ष्मीनारायण दवे

सोजत। लुंडावास स्थित प्राचीन बुढ़ायत माता मंदिर में श्रीमाली ब्राह्मण समाज का महाकुंभ पाटोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ। देश के विभिन्न राज्यों एवं महानगरों से बड़ी संख्या में पहुंचे समाजबंधुओं और श्रद्धालुओं की उपस्थिति से मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। वैदिक मंत्रोच्चार, भजन-कीर्तन एवं धार्मिक अनुष्ठानों से संपूर्ण परिसर गुंजायमान हो उठा।

इस अवसर पर मां बुढ़ायत की प्रतिमा, नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में शिव परिवार तथा गुरु फूलनारायण महाराज की प्रतिमा का गुलाब सहित विविध सुगंधित पुष्पों से आकर्षक श्रृंगार किया गया, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। महाआरती एवं महाप्रसादी का लाभ आनंदीलाल, कांतिलाल एवं चिरंजीलाल दवे (जालौर) परिवार ने प्राप्त किया।

समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री लक्ष्मीनारायण दवे ने कहा कि “जहां भक्ति है, वहीं शक्ति है।” उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति में देवी शक्ति का सर्वोच्च स्थान है तथा प्रकृति की गोद में स्थित ऐसे आस्था केंद्र आध्यात्मिक एवं मानसिक शांति का अनुपम अनुभव कराते हैं। उन्होंने समाज से बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने तथा युवाओं को संस्कारयुक्त एवं सकारात्मक मार्गदर्शन देने का आह्वान किया।

जालौर के समाजसेवी चिरंजीलाल दवे ने समाज की एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि संगठित समाज ही प्रत्येक चुनौती का प्रभावी ढंग से सामना कर सकता है।

सोजत विधायक शोभा चौहान ने कहा कि धार्मिक स्थलों पर आने से मन को शांति एवं सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है। मंदिर समिति के पूर्व अध्यक्ष हितेंद्र व्यास ने मंदिर में कराए गए विकास कार्यों की जानकारी देते हुए भावी योजनाओं पर प्रकाश डाला तथा समाजजनों से सहयोग का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन चेतन व्यास ने किया।

आयोजन में हैदराबाद, अहमदाबाद, मुंबई, चेन्नई, जयपुर सहित देश के विभिन्न महानगरों से श्रद्धालु पहुंचे। इसके अतिरिक्त जोधपुर, पाली, सोजत रोड एवं आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मां बुढ़ायत के दर्शन कर सुख-समृद्धि एवं मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना की। मंदिर व्यवस्था समिति ने अध्यक्ष जितेंद्र व्यास के नेतृत्व में अतिथियों एवं भामाशाहों का सम्मान किया। इस दौरान मंदिर परिसर में पौधरोपण भी किया गया।

समारोह में पुष्कर कमेटी अध्यक्ष महेंद्र बोहरा, गुरु फूलनारायण आश्रम न्यास अध्यक्ष सुरेंद्र त्रिवेदी, महालक्ष्मी ट्रस्ट अध्यक्ष रमेश व्यास, विधु शेखर दवे, ललित शर्मा, जुगल किशोर निकुम, आचार्य पंडित हिंद प्रकाश ओझा, पंकज त्रिवेदी, प्रफुल्ल ओझा, उपेंद्र दवे, कैलाश दवे, सुरेश ओझा, दिनेश व्यास, मनीष व्यास, माधव शास्त्री, सुदीप व्यास, कमल, मनोज जोशी, सूर्य प्रकाश व्यास, संतोष व्यास, ललित दवे, जनार्दन दवे, ओम प्रकाश ओझा, देवेंद्र त्रिवेदी, गिरीश दवे, विक्रांत दवे, ओम प्रकाश जोशी, अशोक त्रिवेदी, प्रमिला श्रीमाली, अनीता दवे, वंदना, सावित्री, उज्ज्वला, दमयंती, मंजू, रीता, नीलम एवं सुरेखा व्यास सहित अनेक गणमान्य नागरिक, समाजबंधु एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। धार्मिक अनुष्ठान के अंतर्गत आयोजित हवन में जुगल किशोर-नीतू, मनमोहन-वर्षा तथा विकास दवे-सुरभि दवे सपत्नीक यजमान के रूप में विराजमान रहे।










