गुरु पूर्णिमा पर राजस्थान के 300 से अधिक विद्यालयों में गूंजेगा ‘गुरुगौरवम्’, गुरुजनों व मेधावी विद्यार्थियों का होगा सम्मान
सोजत।
भारतीय संस्कृति की गौरवशाली गुरु-शिष्य परंपरा को सशक्त बनाने के उद्देश्य से भारत विकास परिषद् गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर प्रदेशव्यापी ‘गुरुगौरवम्’ अभियान का आयोजन करेगी। परिषद् के गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन प्रकल्प के अंतर्गत राजस्थान के 300 से अधिक सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों में गुरुजनों का सम्मान तथा उत्कृष्ट विद्यार्थियों का अभिनंदन किया जाएगा। इस महाअभियान में एक लाख से अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता रहने का अनुमान है।
क्षेत्रीय अध्यक्ष राधेश्याम रंगा ने बताया कि परिषद् की 264 शाखाओं के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता विद्यालयों में पहुंचकर गुरुजनों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता का भाव प्रकट करेंगे। वहीं क्षेत्रीय महासचिव सीए संदीप बाल्दी ने कहा कि यह अभियान विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। भाविप की ‘संस्कार’ गतिविधि के राष्ट्रीय संयोजक एवं जोबनेर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. त्रिभुवन शर्मा ने बताया कि परिषद् वर्ष 1999-2000 से निरंतर इस अभियान का आयोजन कर भारतीय गुरु-शिष्य परंपरा को सशक्त बनाने का कार्य कर रही है।
राजस्थान पश्चिम प्रांत के मीडिया संयोजक डॉ. रामस्वरूप भटनागर ने बताया कि भारत विकास परिषद्, सोजत शाखा द्वारा स्थानीय विजय आदर्श माध्यमिक विद्यालय तथा लोटस अपर प्राइमरी स्कूल में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान गुरुजनों का सम्मान, शिक्षा, खेल, संस्कृति एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का अभिनंदन किया जाएगा। साथ ही विद्यार्थियों को माता-पिता के सम्मान एवं सेवा का संकल्प दिलाया जाएगा तथा नशामुक्त भारत के निर्माण हेतु नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई जाएगी।









