नवगठित नगर पालिका में गंदे पानी की निकासी नहीं होने से बढ़ी परेशानी, कुंदन सिंह पंवार ने सौंपा ज्ञापन
सोजत रोड। नवगठित नगर पालिका सोजत रोड क्षेत्र में गंदे पानी की निकासी की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। नगर में स्टेट हाईवे संख्या-62 के दोनों ओर अब तक स्थायी नालों का निर्माण नहीं होने से बारिश और घरेलू गंदा पानी गली-मोहल्लों में भर जाता है, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जगह-जगह जलभराव और गंदगी के कारण लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है।
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं जिला संयोजक (अग्रिम संगठन) कुंदन सिंह पंवार ने इस समस्या को लेकर नगर पालिका के कैंप अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र समाधान की मांग की। उन्होंने बताया कि नगर पालिका के गठन के लगभग दो वर्ष बाद भी गंदे पानी की निकासी के लिए स्थायी व्यवस्था नहीं की गई है।
ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान में अस्थायी रूप से गंदा पानी रेलवे की बाउंड्री क्षेत्र में छोड़ा जा रहा है, जिससे आसपास के ग्रामीणों और रेलवे प्रशासन को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे अधिकारियों द्वारा नगर पालिका को कई बार नोटिस देकर इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
पंवार ने कहा कि गंदे पानी के कारण क्षेत्र में दुर्गंध, मच्छरों का प्रकोप और बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। यदि जल्द ही नालों का निर्माण कर निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई तो आमजन का आक्रोश बढ़ सकता है।
उन्होंने नगर पालिका प्रशासन से मांग की कि स्टेट हाईवे संख्या-62 के दोनों ओर शीघ्र नालों का निर्माण कराया जाए तथा गली-मोहल्लों में गंदे पानी की निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित कर क्षेत्रवासियों को राहत प्रदान की जाए।









